न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़। ईंधन बचत और संसाधनों की समुचित कटौती की सार्वजनिक अपील के साथ ही स्वयं भी अनुपालन करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोशिशों ने देश भर के संवैधानिक पदों पर आसीन शख्सियतों को इसे संकल्प सिद्ध करने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर अधीनस्थों को संकल्प के अक्षरशः पालन के निर्देश दे डाले हैं। खुद मुख्यमंत्री सैनी ने अपने फ्लीट में न्यूनतम वाहनों के उपयोग का निर्णय लिया है। साथ ही ये संकल्प ले लिया है कि सप्ताह में एक दिन बिना वाहन के कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिया है कि राष्ट्र हित में ईंधन की बचत और संसाधनों के उचित उपयोग को सरकार सुनिश्चित करे। उन्होंने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी मंत्रियों एवं सभी विभागों के अधिकारियों से भी यात्रा के दौरान सीमित वाहनों के उपयोग को सुनिश्चित करने को कहा है। ये भी निर्देश दिए हैं कि सभी मंत्री एवं अधिकारी अधिकतर बैठकें वर्चुअली करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों से भी प्रधानमंत्री की अपील पर राष्ट्र हित में ईंधन बचत का निवेदन भी किया है। साथ ही अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर ईंधन बचत के अभियान में सहयोगी बनने को कहा है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इस संकल्प को स्वयं सिद्ध करने से प्रेरणा लेते हुए अधिकारियों एवं मंत्रियों में इसे अधिक से अधिक पालन करने की होड़ मचने की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं।
प्रधानमंत्री के आह्वान को शिरोधार्य करते हुए बीते बुधवार की शाम को पंचकूला में निकाय चुनावों में मिली जबरदस्त विजय को जुलूस की शक्ल में निकाले जाने वाले कारों के रोड शो को नहीं करने का फैसला भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने ले लिया था। खुद प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्र नाथ शर्मा ने तत्काल प्रभाव इसे अपनी मौजूदगी में पंचकूला में लागू करवाया।