Follow

मोदी सरकार ने PM विश्वकर्मा योजना से कारीगरों को दी नई पहचान : केवल सिंह ढिल्लों

लुधियाना में विश्वकर्मा जयंती समारोह में भाजपा अध्यक्ष हुए शामिल
कारीगर पंजाब की मेहनत की रीढ़ की हड्डी: केवल सिंह ढिल्लों
कुशल हाथों का सम्मान ही खुशहाल पंजाब की नींव: ढिल्लों
न्यूज़म ब्यूरो 
लुधियाना, 9 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों आज भगवान विश्वकर्मा जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर लुधियाना के बाबा विश्वकर्मा भवन पहुंचे और भगवान जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने इसे अपने लिए बहुत सौभाग्य की बात बताया।
इस अवसर पर उन्होंने सभी कारीगरों, मिस्त्रियों, लोहारों, बढ़इयों और सभी मेहनतकश भाइयों-बहनों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की लाख-लाख बधाइयां दीं।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह दिन सिर्फ पूजा का नहीं, बल्कि हाथों के हुनर और श्रम के सम्मान का दिन है। भगवान विश्वकर्मा जी को सृष्टि का पहला शिल्पकार और इंजीनियर माना जाता है और उनका संदेश स्पष्ट है कि जो अपने हाथों से कुछ रचता है, वही समाज का असली निर्माता है।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान ने भी “किरत करो, नाम जपो, वंड छको” का संदेश दिया है। पंजाब की धरती की पहचान ही मेहनत से है और इस मेहनत की रीढ़ की हड्डी हमारे कारीगर भाई हैं। गांव की गली से लेकर बड़े कारखानों तक, हल के फाल से लेकर घर की छत तक, हर जगह किसी कारीगर के हाथों की छाप है। उन्होंने अफसोस जताया कि दशकों तक इन हाथों को सिर्फ बधाइयां मिलीं, सुविधाएं नहीं मिलीं।
प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि इस सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बदला। पी.एम. विश्वकर्मा योजना के जरिए पारंपरिक कारीगरों को पहचान-पत्र, हुनर प्रशिक्षण, आधुनिक औजारों के लिए सहायता और सस्ता कर्ज उपलब्ध कराया गया है। मोदी जी का संदेश है कि कारीगर सहायता का मोहताज नहीं, बल्कि देश के निर्माण का भागीदार है।
उन्होंने पंजाब के हर कारीगर भाई से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ जरूर लें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता इस काम में उनके साथ खड़ा है।
अंत में ढिल्लों ने कहा कि अगर पंजाब को फिर से खुशहाल बनाना है तो शुरुआत कुशल हाथों के सम्मान से होगी। उन्होंने एक बार फिर सभी संगत को भगवान विश्वकर्मा के प्रकाश दिवस की बधाइयां दीं।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने जरूरतमंदों को सिलाई मशीनें भी बांटीं। बाबा विश्वकर्मा भवन की प्रबंधक कमेटी और पदाधिकारियों की ओर से केवल सिंह ढिल्लों का विशेष सम्मान भी किया गया।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महासचिव रजनीश धीमान, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव देबी शर्मा, जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल, प्रवीण बांसल, अमरजीत सिंह टिक्का, गुरदीप सिंह गोशा, नवल जैन, डॉ. सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh