Follow

एसपी से बोले मंत्री विज, “पुलिस का काम नशा कर गाड़ी चलाने वालों को रोकना, यहां पुलिसकर्मी स्वयं नशे में गाड़ी चला रहा है”

Listen to this article

विज का सख्त एक्शन : नशे में पुलिसकर्मी द्वारा ई-रिक्शा सवार युवती को टक्कर मारने से हुई मौत मामले में एसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए

न्यूज़म ब्यूरो

अम्बाला / चंडीगढ़, 14 फरवरी : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने नशे में धुत कार चालक पुलिस कर्मी द्वारा ई-रिक्शा को टक्कर मारने से हुई युवती की मौत मामले में कड़ा संज्ञान लिया है। विज ने आज अम्बाला के एसपी को फोन कर इस मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह सामने आया है कि पुलिस कर्मी ने नशे में गाड़ी चलाई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा पुलिस का काम नशे में गाड़ी चलाने वालों को रोकना है जबकि यहां पुलिस कर्मी स्वयं नशे में गाड़ी चलाकर हादसे कर रहा है।

Advertisement

इससे पहले मंत्री अनिल विज के समक्ष इस हादसे में मारी गई युवती के परिजनों ने पुलिस द्वारा मामले में ढुलमुल कार्रवाई के आरोप लगाए। परिजनों ने कहा कि पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की जिससे आरोपी पुलिसकर्मी को एक अगले ही दिन जमानत मिल गई। उनका आरोप था कि पुलिस मुलाजिम होने के कारण इस मामले में ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई है। मंत्री अनिल विज ने परिजनों को मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि अम्बाला छावनी में गत दिनों नशे में धुत एक पुलिस कर्मी ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार 25 साल की युवती सड़क पर गिर गई और कार के नीचे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे जीटी रोड के निकट हुआ था। में हुआ। युवती गुरुग्राम में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थीं और दिल्ली से परिवार से मिलने अम्बाला आ रही थी। उसका भाई भी उस समय ई-रिक्शा पर सवार था जब यह हादसा हुआ।

इन शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश दिए
ऊर्जा मंत्री अनिल विज को सुंदर नगर से आई महिला ने शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि उसने अपना प्लाट एक व्यक्ति को बेचा था, मगर व्यक्ति ने कुछ राशि दी जबकि शेष 2.80 लाख रुपए की राशि वह व्यक्ति उसे नहीं दे रहा है। इस मामले में मंत्री अनिल विज ने पड़ाव थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

बोह से आए युवक ने शिकायत देते हुए कहा कि उसे एक एजेंट ने यूरोप भेजने का झांसा दिया था। एजेंट ने कहा था कि वह तीन यूरोप के तीन देशों का वीजा लगवा सकता है। इसकी एवज में उसने लगभग 6 लाख रुपए की राशि एजेंट को दी। मगर इसके बाद न तो उसे यूरोप भेजा गया न ही वीजा लगा। उसने बताया एजेंट ने उसे कुछ राशि लौटाई, मगर अब भी 4.86 लाख रुपए की राशि एजेंट द्वारा उसे अब तक नहीं दी गई है। मंत्री अनिल विज ने मामले में पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके अलावा दलीपगढ़ निवासी युवक ने उसे बैंक लोन के नाम पर 9.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने, कच्चा बाजार निवासी महिला द्वारा उसका बिजली का बिल ज्यादा आने व अन्य शिकायतें आई जिनपर मंत्री अनिल विज ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh