Follow

मिलेट्स पोषण से भरपूर होने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में हैं अत्यंत सहायक : सम्वर्तक सिंह

न्यूज़म ब्यूरो 

 

चंडीगढ़, 14 जनवरी : हरियाणा सिविल सचिवालय के अतिरिक्त सचिव (स्थापना) सम्वर्तक सिंह ने कहा कि मिलेट्स पोषण से भरपूर होने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में अत्यंत सहायक हैं। 

 

सम्वर्तक सिंह आज पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ सीआईएसएफ कैंप परिसर में आयोजित मिलेट मेला के उद्घाटन के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

 

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से आमजन को संतुलित एवं स्वास्थ्यवर्धक आहार के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है और सीआईएसएफ द्वारा इस दिशा में किया गया यह प्रयास सराहनीय है।

Advertisement

Special Offer
ADVERTISEMENT

 

इस कार्यक्रम के दौरान पीजीआई के आहार विशेषज्ञ विभाग से डॉ. कुमारी मुस्कान एवं डॉ. एंजल प्रीत ने उपस्थित अधिकारियों, सीआईएसएफ के बल सदस्यों तथा उनके परिवारजनों को मिलेट्स के सेवन, उनकी उचित मात्रा एवं स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी।

 

चिकित्सकों ने बताया कि नियमित एवं संतुलित मात्रा में मिलेट्स का सेवन करने से मधुमेह, हृदय रोग तथा पाचन संबंधी समस्याओं में लाभ मिलता है और यह संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी है।

 

मिलेट मेले में विभिन्न प्रकार के मिलेट उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को इनके उपयोग, पोषण मूल्य एवं दैनिक जीवन में शामिल करने के तरीकों को समझने का अवसर मिला।

 

इस अवसर पर पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय चंडीगढ़ सीआईएसएफ ईकाई के कमांडेंट ललित पंवार, डिप्टी कमांडेंट नितिन सिन्हा, अधिकारी व बल सदस्य मौजूद रहे।

 

Advertisement
Tap to Refresh