Follow

पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को जल्द किया जाएगा सम्मानित : आरती सिंह राव

“पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा” की बैठक आयोजित

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 24 जून। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री एवं पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष आरती सिंह राव ने कहा कि जनवरी 2026 में आयोजित पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को शीघ्र ही एक विशेष समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा। आरती सिंह राव आज चंडीगढ़ में “पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा” की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।

इस अवसर पर बैठक में एसोसिएशन के तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत नई गवर्निंग बॉडी के गठन हेतु चुनाव करवाने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही यह  भी निर्णय लिया गया की सितंबर 2026 में हरियाणा राज्य पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप कराई जायेगी।

Advertisement

आरती सिंह राव ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले सभी पैरा खिलाड़ियों के कैश अवॉर्ड शीघ्र जारी करवाने हेतु खेल मंत्रालय को पत्र लिखा जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को उनका सम्मान एवं प्रोत्साहन समय पर प्राप्त हो सके l

उन्होंने कहा कि बड़े गौरव की बात है कि पिछले तीन वर्षों से हरियाणा राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लगातार चैंपियन बन रहा है, जो प्रदेश के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

बैठक में महासचिव ज्योति कुमार छाबड़ा ने बीते वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप, पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप, पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप तथा भुवनेश्वर और चेन्नई में आयोजित जूनियर एवं सीनियर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का विस्तृत विवरण दिया।

इस अवसर पर पैरा पावरलिफ्टिंग के चेयरमैन अभिजीत सिंह, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संस्थापक गिरिराज सिंह, कोषाध्यक्ष पवन कुमार, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, भीम सिंह एवं सलोनी कुमारी उपस्थित थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh