न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 31 मार्च 2026 : नगर निगम चंडीगढ़ के आयुक्त अमित कुमार ने मंगलवार को विशेष आयुक्त, नगर निगम-सह-सचिव, पशुपालन, यूटी चंडीगढ़ प्रदीप कुमार के साथ सेक्टर-38 स्थित सोसायटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (एसपीसीए) का दौरा किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन, नगर निगम तथा एसपीसीए के अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
यह दौरा एसपीसीए में किए गए सुधार कार्यों की समीक्षा करने तथा वहां रखे गए कुत्तों के रखरखाव, उपचार एवं समग्र परिस्थितियों का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पशुओं के लिए उच्चतम स्तर की देखभाल एवं कल्याण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कुत्तों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, पोषण, दवाइयों की उपलब्धता तथा उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि भोजन, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का समुचित स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से संधारित एवं अद्यतन किया जाए।
आयुक्त अमित कुमार ने आगे निर्देश दिया कि सभी कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की जाए तथा एसपीसीए में शीघ्र बायोमेट्रिक मशीन स्थापित की जाए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का भी अवलोकन किया तथा निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों का संधारण व्यवस्थित एवं कम्प्यूटरीकृत तरीके से किया जाए।
कार्यों में दक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल देते हुए आयुक्त ने निर्देश दिया कि एसपीसीए से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि पशुओं के बेहतर प्रबंधन एवं कल्याण को सुनिश्चित किया जा सके।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।



