रक्षा मंत्रालय और सेना का अधिकारी बनकर ठगों ने वीरता पुरस्कार दिलाने का दिया झांसा, बेटी को 2.25 करोड़ रुपये मिलने का भी किया दावा
राहुल गुप्ता
मुंबई, 27 नवंबर। भारतीय सेना के एक शहीद अधिकारी की 45 वर्षीय पत्नी से 48.19 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को रक्षा मंत्रालय और सेना का अधिकारी बताकर महिला को मरणोपरांत वीरता पुरस्कार दिलाने का झांसा दिया। ठगों ने पुरस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर सितंबर से नवंबर 2025 के बीच 14 अलग-अलग किस्तों में महिला से पैसे ट्रांसफर करवाए। नवंबर 2026 में आरोपियों ने दोबारा फोन कर 4 लाख रुपये की मांग की, जिसके बाद महिला को संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शहीद पति के नाम पर वीरता पुरस्कार का झांसा
मुंबई वेस्ट साइबर पुलिस के मुताबिक, महिला के पति भारतीय सेना में मेजर थे। वर्ष 2011 में नासिक स्थित सेना के एविएशन बेस से अभ्यास के लिए एक हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी थी। इसी दौरान हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें मेजर की मौत हो गई थी।
सितंबर 2025 में महिला के पिता को एक व्यक्ति का फोन आया। उसने अपनी पहचान नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय में रक्षा मंत्रालय के हेड क्लर्क अजीत के रूप में बताई। फोन करने वाले ने कहा कि वर्ष 2011 में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनके दामाद शहीद हुए थे। इसलिए उनकी बेटी ‘वीर नारी सम्मान’ योजना के तहत मरणोपरांत वीरता पुरस्कार की पात्र हैं।
बेटी को 2.25 करोड़ रुपये मिलने का भी दावा
आरोपियों ने महिला को बताया कि योजना के तहत राशि प्राप्त करने के लिए उसके पास आखिरी मौका है। इसके बाद महिला ने उनके दिए नंबर पर संपर्क किया। वहां उसकी बातचीत कई लोगों से कराई गई, जिन्होंने खुद को सेना का वरिष्ठ अधिकारी बताया।
उन्होंने महिला को ‘वीर नारी सम्मान’ योजना के तहत 12 लाख और 33 लाख रुपये दिलाने का भरोसा दिया। इसके अलावा उसकी बेटी के नाम पर कथित ‘कन्या विकास योजना’ के तहत 2.25 करोड़ रुपये मिलने का दावा भी किया गया।
14 ट्रांजेक्शन में जमा कराए 48.19 लाख रुपये
ठगों ने महिला को भरोसा दिलाया कि एक राष्ट्रीय बैंक में उसके और उसकी बेटी के नाम पर फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) खोली गई है। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी बॉन्ड, फॉर्म और अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के नाम पर रकम जमा करने को कहा गया।
सितंबर से नवंबर 2025 के बीच महिला ने आरोपियों की ओर से बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में 14 ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 48.19 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
फोन बंद कर फिर मांगे 4 लाख रुपये
जानकारी के मुताबिक, महिला मई 2026 तक आरोपियों के संपर्क में रही, लेकिन इसके बाद उनके फोन बंद हो गए। नवंबर 2026 में उसे एक अन्य व्यक्ति का फोन आया। उसने अपनी पहचान दिल्ली के वसंत विहार स्थित आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस (एजीआई) कार्यालय के सुजीत कुमार के रूप में बताई।
उसने दावा किया कि अहमदनगर में महिला के ससुराल पक्ष की ओर से आपत्ति दर्ज कराए जाने के कारण भुगतान की प्रक्रिया रुक गई है। आरोपी ने पहले जमा की गई पूरी रकम वापस दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन इसके लिए अंतिम एनओसी के नाम पर 4 लाख रुपये और मांगे।
इस बार महिला को शक हुआ। उसने सीधे दिल्ली स्थित एजीआई कार्यालय से संपर्क किया, जहां उसे बताया गया कि सुजीत कुमार नाम का कोई व्यक्ति वहां काम नहीं करता है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सेना की कल्याणकारी योजनाओं के तहत राशि जारी करने के लिए किसी से पैसे नहीं मांगे जाते।
धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
इसके बाद शहीद मेजर की पत्नी ने डायरेक्टरेट ऑफ आर्मी वेटरन्स (डीआईएवी) से संपर्क किया। वहां से उसे तत्काल साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
महिला की शिकायत के आधार पर वेस्ट साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (धोखाधड़ी), 319 (पहचान बदलकर धोखाधड़ी) और धारा 3 (साझा मंशा) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जांच कर रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
