कहा: हरियाणा पुलिस की एफआईआर ने आप की साजिशों का पर्दाफाश किया
चंडीगढ़, 23 जून। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि श्री अकाल तख्त साहिब की मर्यादा और अधिकार को चुनौती देकर उन्होंने सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है।
इस क्रम में, भगवंत मान की विवादित वीडियो के समर्थन में फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करवाने और हासिल करने के मामले में गुरुग्राम में हरियाणा पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए, वड़िंग ने कहा कि यह बेहद दुखद और शर्मनाक है कि सरकार श्री अकाल तख्त साहिब को गलत साबित करने के लिए एक मनगढ़ंत रिपोर्ट “खरीदने” तक नीचे गिर गई। उन्होंने कहा कि सिख इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं को अपनी कुर्सी बचाने के लिए ऐसे शर्मनाक हथकंडे अपनाने के लिए कभी माफ नहीं करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मान ने न केवल श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों की अवहेलना करने की कोशिश की है, बल्कि उन्हें गलत साबित करने के लिए मनगढ़ंत रिपोर्टें तैयार करवाने का भी प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यह भी उसी प्रकार की बेअदबी है जैसी 11 वर्ष पहले बरगाड़ी में हुई थी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने बरगाड़ी कांड के दोषियों को माफ नहीं किया था और वे मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी को भी कभी माफ नहीं करेंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।