Follow

भगवान परशुराम का जीवन साहस, शौर्य व धर्म रक्षा की देता है प्रेरणा : मोहन लाल बड़ौली

युवा शक्ति भगवान परशुराम के आदर्शों से प्रेरणा लें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए कार्य करें : मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली कैथल में भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदेशवासियों को दीं परशुराम जयंती की शुभकामनाएं

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 26 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भगवान परशुराम सत्य, धर्म, साहस और न्याय के प्रतीक हैं। भगवान परशुराम का जीवन हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने अन्याय एवं अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। श्री बड़ौली रविवार को कैथल में जिला सर्व ब्राह्मण समाज धर्मशाला में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे।

Advertisement

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया और प्रदेशवासियों को भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दी। इसके उपरांत वे शोभा यात्रा में भी शामिल हुए और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। तत्पश्चात भगवान श्री परशुराम चौक का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि यह चौक न केवल श्रद्धा का केंद्र बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भगवान परशुराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का माध्यम भी बनेगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने समाज में समरसता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि व्यक्ति को सदैव सत्य और धर्म के पक्ष में खड़ा रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन साहस, शौर्य और धर्म रक्षा की प्रेरणा देता है। भगवान परशुराम ने हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और सभी को साथ लेकर चले हैं। ऐसे में उनके पदचिन्हों पर चलते हुए हमारा भी कर्तव्य बनता है कि सभी को साथ लेकर चलें।

बड़ौली ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें समाज सेवा और नैतिकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सही मार्ग पर चलना चाहिए और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम सत्य, धर्म और शाश्वत न्याय के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने जीवन में समाज के उत्थान के लिए कार्य किया और कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया।  इस अवसर पर जिला अध्यक्षा ज्योति सैनी, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh