21 अक्टूबर को सोलापुर से रवाना होगी विशेष ट्रेन, 18,670 रुपये से शुरू होगा पैकेज; बुकिंग के लिए कुछ ही सीटें शेष
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 13 अक्टूबर। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की ओर से ‘दिव्य राजस्थान, खाटू श्याम जी एवं उज्जैन यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। 11 रात और 12 दिनों की यह विशेष यात्रा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से कराई जाएगी। ट्रेन 21 अक्टूबर 2026 को सोलापुर से रवाना होगी। आईआरसीटीसी के अनुसार, यात्रा को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और अब कुछ ही सीटें उपलब्ध हैं।
सात प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण
इस यात्रा में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उदयपुर, नाथद्वारा, पुष्कर, जोधपुर, जयपुर, खाटू श्याम जी और उज्जैन जैसे प्रमुख स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। यात्रा का उद्देश्य राजस्थान की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है।
तीन श्रेणियों में उपलब्ध है पैकेज
यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए आईआरसीटीसी ने तीन श्रेणियों में पैकेज निर्धारित किए हैं।
– इकोनॉमी स्लीपर (SL): 18,670 रुपये प्रति व्यक्ति
– स्टैंडर्ड 3AC: 29,200 रुपये प्रति व्यक्ति
– कम्फर्ट 2AC: 38,040 रुपये प्रति व्यक्ति
भारत गौरव पर्यटक ट्रेन में लगभग 750 यात्रियों के सफर की क्षमता है। बुकिंग उपलब्ध सीटों के अनुसार पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी।
10 स्टेशनों से चढ़ने-उतरने की सुविधा
महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के यात्रियों की सुविधा के लिए सोलापुर, कुर्डुवाड़ी, दौंड, पुणे, लोनावला, कल्याण, वसई रोड, सूरत, वडोदरा और रतलाम स्टेशनों पर ट्रेन में चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को यात्रा में शामिल होने में आसानी होगी।
पैकेज में भोजन, होटल और स्थानीय परिवहन शामिल
आईआरसीटीसी के इस पर्यटन पैकेज में चयनित श्रेणी के अनुसार रेल यात्रा, दो, तीन या चार व्यक्तियों के साझा आधार पर होटल में ठहरने की व्यवस्था, पूरी यात्रा के दौरान शाकाहारी भोजन, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण शामिल है। इसके अलावा यात्रा बीमा और पूरे टूर के दौरान अनुभवी आईआरसीटीसी टूर मैनेजर की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। स्थानीय परिवहन के लिए आवश्यकतानुसार वातानुकूलित और गैर-वातानुकूलित वाहनों की व्यवस्था की जाएगी।
शीघ्र बुकिंग कराने की अपील
आईआरसीटीसी पश्चिम क्षेत्र के ग्रुप जनरल मैनेजर गौरव झा ने कहा कि निगम का प्रयास यात्रियों को सुविधाजनक, आरामदायक और सुव्यवस्थित धार्मिक एवं पर्यटन यात्राओं का अनुभव देना है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा को मिल रहा अच्छा प्रतिसाद उत्साहजनक है और इच्छुक यात्रियों से जल्द बुकिंग कराने का आग्रह किया।
बुकिंग एवं संपर्क: इच्छुक यात्री 8287931886 पर संपर्क कर सकते हैं या bgtmumbai@irctc.com पर ईमेल भेज सकते हैं। बुकिंग आईआरसीटीसी के पर्यटन पोर्टल के माध्यम से भी की जा सकती है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
