Follow

वैश्विक आभूषण निर्माण और निर्यात केंद्र बनाएगा इंडिया ज्वेलरी पार्क : फडणवीस

महापे में 22 एकड़ में विकसित होगा आभूषण निर्माण केंद्र, निर्यात और निवेश को मिलेगा बढ़ावा,परियोजना जल्द पूरी करने के निर्देश

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 25 अक्टूबर।  महाराष्ट्र को वैश्विक आभूषण निर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने में इंडिया ज्वेलरी पार्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नवी मुंबई के महापे स्थित टीटीसी औद्योगिक क्षेत्र में परियोजना के उद्घाटन समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कुशल कारीगरों, आधुनिक तकनीक और मजबूत कारोबारी नेटवर्क के जरिए राज्य वैश्विक आभूषण उद्योग में अपनी पहचान मजबूत कर सकता है।

महापे में 22 एकड़ में होगा विकास

फडणवीस ने बताया कि महापे में करीब 22 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक आभूषण निर्माण केंद्र विकसित किया जा रहा है। इससे आभूषण उद्योग को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उसके दीर्घकालीन विकास को गति देने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले 30 से 40 वर्षों में यह परियोजना महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास की महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

Advertisement

वैश्विक बाजार की चुनौतियों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका और चीन जैसे बड़े बाजारों में बदलती परिस्थितियों के कारण अंतरराष्ट्रीय व्यापार में नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में उद्योगों को आधुनिक तकनीक, नए उत्पादों और निर्यात के बदलते अवसरों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा। इंडिया ज्वेलरी पार्क इस दिशा में आभूषण उद्योग को जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

परियोजना जल्द पूरी करने के निर्देश

फडणवीस ने कहा कि औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन के साथ बिजली, पानी, सड़क, पूंजी और समय पर सरकारी मंजूरियां भी जरूरी हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इंडिया ज्वेलरी पार्क के निर्माण में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता से दूर किया जाए। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से परियोजना को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए सरकार और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सरकार का प्रयास उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाना और निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है।

उद्योग जगत के प्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, वन मंत्री गणेश नाइक, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डॉ. पी. अन्बलगन, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपेंद्र कुशवाहा, जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष किरीट भंसाली और उपाध्यक्ष शौनक पारीख सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh