हुकटा ने चिन्ता व्यक्त की कि शिक्षा विभाग के विश्वविद्यालयों के अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों के साथ अन्य विभागों के विश्वविद्यालयों से नए सिरे से सूचनाएं एक साल के बाद मांगने के कारण बिल में देरी हो सकती है -हुकटा
चंडीगढ़, 15 दिसंबर। हरियाणा विश्वविद्यालय अनुबंधित शिक्षक संघ हरियाणा (हुकटा) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सीएम आवास पर मुलाकात कर शिक्षा विभाग के अधीन विश्वविद्यालयों में कार्यरत पात्र अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों के लिए सेवा-सुरक्षा विधेयक को शीतकालीन विधानसभा सत्र में प्रस्तुत कर अधिनियम पारित किए जाने की मांग की।
हुकटा ने मुख्यमंत्री के समक्ष चिंता व्यक्त की कि एक वर्ष से प्रतीक्षारत विश्वविद्यालयों के अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों को पुनः निराशा का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि अंतिम चरण में शिक्षा विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से भी सूचना मंगाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, जिससे निर्णय में अनावश्यक विलंब की संभावना बन रही है।

संघ ने मांग रखी कि कॉलेजों के एक्सटेंशन लेक्चररों की भांति विश्वविद्यालयों के अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों को भी सेवा-सुरक्षा प्रदान की जाए, जिससे उन्हें रोजगार-गारंटी मिल सके। इस पर माननीय मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित उच्च अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आपका रोजगार सुरक्षित किया जा सकें।
हुकटा ने बताया कि पिछले वर्ष शीतकालीन सत्र में कॉलेजों के एक्सटेंशन लेक्चररों के लिए सेवा-सुरक्षा अधिनियम-2024 पारित किया गया था, जबकि समान योग्यता एवं समान कार्य करने वाले शिक्षा विभाग के अधीन विश्वविद्यालयों के लगभग 1400 अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसर इस अधिनियम से वंचित रह गए।
संघ ने यह भी कहा कि विभागीय समिति एवं उच्चतर शिक्षा विभाग, पंचकूला द्वारा सभी विश्वविद्यालयों से जानकारी एकत्र कर प्रस्तावित विधेयक को सैद्धांतिक स्वीकृति तक पहुँचाया जा चुका है, जो वर्तमान में शिक्षा विभाग की फ़ाइल पर लंबित है। इसके बावजूद अन्य 6 विभागों के अधीन विश्वविद्यालयों से पुनः सूचना मंगवाने के कारण प्रक्रिया में विलंब हो रहा है, जबकि उपलब्ध तथ्यों के अनुसार इन विश्वविद्यालयों में कोई भी पात्र अनुबंधित शिक्षक मौजूद नहीं है।
संघ के अनुसार चार विश्वविद्यालयों में कोई भी अनुबंधित शिक्षक कार्यरत नहीं है, जबकि शेष दो विश्वविद्यालयों में….
• खेल विश्वविद्यालय हरियाणा, राई की स्थापना को अभी पाँच वर्ष पूर्ण नहीं हुए हैं।
• श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (SVSU), दूधोला, पलवल में दिनांक 15.08.2024 तक कोई भी अनुबंधित शिक्षक पाँच वर्ष की सेवा पूर्ण नहीं करता।
हुकटा ने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त 2024 तक शिक्षा विभाग के बाहर किसी भी विभाग के अधीन विश्वविद्यालय में एक भी पात्र अनुबंधित शिक्षक उपलब्ध नहीं है। अतः अन्य विभागों से संबंधित सूचना सेवा-सुरक्षा विधेयक को शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत करने में बाधा नहीं बननी चाहिए।प्रतिनिधिमंडल में हुकटा के अध्यक्ष विजय कुमार सहित बीपीएस महिला विश्वविद्यालय, सोनीपत एवं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के अनुबंधित शिक्षक उपस्थित रहे।