Follow

केन्द्रीय बजट में हरियाणा का नाम गायब : दीपेन्द्र हुड्डा

Listen to this article

नयी कोई परियोजना देना तो दूर, यूपीए सरकार के समय मंजूर कराई गई बड़ी परियोजनाओं के लिए भी कोई बजट नहीं दिया : दीपेन्द्र हुड्डा  

इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रेल कोच फैक्ट्री, बाढ़सा एम्स-2 परिसर के 10 मंजूरशुदा संस्थान, डिफेन्स यूनिवर्सिटी के लिए कोई बजट नहीं दिया : दीपेन्द्र हुड्डा  

केंद्र सरकार हरियाणा से सबसे ज्यादा टोल, GST वसूल रही, हिस्सेदारी नहीं दे रही : दीपेन्द्र हुड्डा 

Advertisement

बीजेपी सरकार में जनता तो कष्ट काट रही है लेकिन बीजेपी नेता धड़ाधड़ कालोनी काट रहे और जनता की जेबें काट रहे : दीपेन्द्र हुड्डा

 

न्यूज़म ब्यूरो 

करनाल, 1 फ़रवरी। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज करनाल में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर संत रविदास जी के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने संदेश दिया कि हम सब एक हैं किसी में कोई फर्क नहीं है। सिर्फ इंसान ने आपस में फर्क कर दिया। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने “”जाति-जाति में जाति हैं, जो केतन के पातI रैदास मनुष ना जुड़ सके जब तक जाति न जात” का उल्लेख करते हुए कहा कि समानता के पक्षधर गुरु महाराज ने सिखाया कि मनुष्य-मनुष्य में भेद नहीं किया जा सकता। उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की, जहां किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो। संत शिरोमणि रविदास जी सामाजिक सुधार और समरसता के लिए आजीवन प्रयत्नशील रहे। उनकी वाणी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उस समय थी।

आज संकल्प लेना होगा कि जाति-धर्म और मनुष्य मनुष्य में भेद करने वाली ताकतों को अपने देश और समाज में सफल न होने दें। उन्होंने कहा कि पिछले 21-22 वर्ष में आज शायद पहली बार ऐसा हुआ है कि बजट पेश होने के दिन वो संसद में नहीं हैं। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व के दिन राष्ट्रीय अवकाश होना चाहिए था, लेकिन लोक सभा में बजट पेश किया गया। जो संत रविदास जी के प्रति बीजेपी की सोच का प्रतीक है।

 

दीपेन्द्र हुड्डा ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज पेश हुए केन्द्रीय बजट से हरियाणा को एक बार फिर मायूसी हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में देश में अगर किसी राज्य के साथ सबसे ज्यादा सौतेला व्यवहार हुआ है तो वो हरियाणा के साथ हुआ है। जबकि, केंद्र सरकार हरियाणा से देश में सबसे ज्यादा GST कलेक्शन और टोल टैक्स वसूली करती है, लेकिन बजट में हिस्सेदारी जीरो रहती है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार को न जाने हरियाणा से क्या नाराजगी है, कि वो हरियाणा से टैक्स के रूप में 7 रुपए वसूल रही है और बदले में सिर्फ 1 रुपया दे रही है।

उन्होंने कहा कि बजट में हरियाणा को नयी कोई परियोजना मिलना तो दूर, हुड्डा के नेतृत्व वाली काँग्रेस सरकार द्वारा मंजूरशुदा बड़ी परियोजनाओं – रेल कोच फैक्ट्री, बाढ़सा एम्स-2 परिसर के मंजूरशुदा संस्थान, डिफेन्स यूनिवर्सिटी, मेट्रो विस्तार आदि के लिए भी कोई बजट आवंटन नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश की बीजेपी सरकार हरियाणा के हकों को पूरी तरह दरकिनार, नजरअंदाज करके चल रही है।

 

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार में जनता तो कष्ट काट रही है लेकिन बीजेपी नेता धड़ाधड़ कालोनी काट रहे और जनता की जेबें काट रहे। उन्होंने कहा कि कभी हांसी, रोहतक, कुरुक्षेत्र, थानेसर, करनाल, फरीदाबाद, गुरुग्राम से रिपोर्ट आती है कि फलां बीजेपी नेता कॉलोनी काट रहा है। दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग करी कि हरियाणा के मुख्यमंत्री जी अपने विधायकों में से उन विधायकों की लिस्ट निकालें जो कालोनी नहीं काट रहे। भारत की कमजोर विदेश नीति का खामियाजा अर्थव्यवस्था भी भुगत रही है और विदेशों में काम कर रहे हमारे युवाओं को भी भुगतना पड़ रहा है। मनरेगा योजना समाप्त करना बीजेपी की गरीब विरोधी सोच दर्शाता है। बीजेपी सरकार ने मनरेगा का बजट ही लगभग आधा कर दिया और कहा कि जब प्रदेश देंगे तो केंद्र सरकार पैसा देगी। ज्यादातर प्रदेश कर्जे में डूबे हैं तो वो कहाँ से पैसा देंगे। ऐसे में मनरेगा योजना ही खत्म हो गई।    

  

इस अवसर पर पूर्व विधायक सुमिता सिंह, पूर्व विधायक राकेश कम्बोज, पूर्व विधायक भीम सेन मेहता, पूर्व विधायक धर्मपाल गोंदर, पूर्व विधायक बख्शीश सिंह विर्क, सुनील पँवार, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, करनाल ग्रामीण के कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश वैध, करनाल शहर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष पराग गाबा, करनाल रविदास सभा के प्रधान रोहित जोशी, मनोज वधवा, रोहित जोशी, राम शरण भोला, राजीव मामूराम गोंदर, निशे, राजबीर शर्मा, सतपाल रोड, निपी मान, अंग्रेज सैनी, सुरजीत सैनी, रामफल कमालपुर, प्रताप शेर सिंह, सचिन मण्डल, संजय महला, बलजीत चौहान, सोनी शर्मा, सुधीर सैनी, अनिल शर्मा, सुरेश रोर आदि मौजूद रहे। 

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh