पंचकूला, 1 दिसंबर। हरियाणा योग आयोग द्वारा गीता परिवार के संयुक्त तत्वावधान में 1 से 5 दिसंबर 2025 तक गीता जयंती के उपलक्ष्य में 5 दिवसीय गीता श्लोक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण ऑनलाइन माध्यम से संचालित हो रहा है, जिससे हरियाणा राज्य के साथ-साथ देश-विदेश के इच्छुक शिक्षार्थी भी व्यापक रूप से इसमें भाग ले रहे हैं। अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुँचाने हेतु प्रशिक्षण सत्रों का सीधा प्रसारण हरियाणा योग आयोग के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र पर डॉ. जयदीप आर्या, अध्यक्ष हरियाणा योग आयोग, डॉ. आशू गोयल, अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष, गीता परिवार, श्री बिजेंद्र हूडा, अतिरिक्त निदेशक, आयुष विभाग, हरियाणा, डॉ. रोशन लाल, उपाध्यक्ष, हरियाणा योग आयोग की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही आयोग के अन्य विशिष्ट सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्रों का संचालन सुश्री रूपल शुक्ला, गीता वृती, गीता प्रवीण एवं अद्वैत वेदांत आचार्या द्वारा किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागी भगवद्गीता के योगमय स्वरूप, उसकी गहन दार्शनिक शिक्षा और दिव्य श्लोकों में निहित जीवन-परिवर्तनकारी संदेश को सरलता से समझ पा रहे हैं।
यह 5 दिवसीय कार्यक्रम भगवद्गीता के आध्यात्मिक, दार्शनिक एवं योगिक ज्ञान के प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, ताकि लोग इसके उपदेशों को अपनाकर अपने जीवन में सकारात्मकता, संतुलन और समग्र स्वास्थ्य की दिशा में अग्रसर हो सकें।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।