चंडीगढ़, 14 दिसंबर। अपराध और नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के मिशन के तहत हरियाणा पुलिस ने शनिवार को ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ के तहत राज्यव्यापी कार्रवाई को नई गति दी। 13 दिसंबर 2025 को चलाए गए इस व्यापक अभियान में पुलिस टीमों ने एक साथ 803 चिह्नित नशा और जुआ हॉटस्पॉट्स पर दबिश दी। इस ऑपरेशन ने फरार और हिंसक अपराधियों की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता हासिल की, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था और भी मजबूत हुई।
75 नए मामले दर्ज, 4 आरोपी अवैध हथियार रखने के दोषी ठहराए गए
पुलिस ने इस विशेष अभियान के दौरान 173 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया और विभिन्न धाराओं के तहत 75 नए मामले दर्ज किए। इनमें आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज तीन मामले भी शामिल हैं, जिनमें चार आरोपियों को अवैध हथियार रखने के जुर्म में सज़ा हुई है। साथ ही, पुलिस ने 39 फरार हिंसक अपराधियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया, जो लंबे समय से कानून की गिरफ्त से बाहर थे। पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ 30 महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस रिपोर्ट साझा की गईं, जबकि विदेश में छिपे अपराधियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया।
अब तक की सबसे बड़ी नकदी बरामदगी: पलवल में 20 लाख रुपये जब्त
इस अभियान के दौरान अपराधियों पर आर्थिक प्रहार करते हुए पुलिस ने नकदी, नशीले पदार्थ और अवैध वाहन बड़ी मात्रा में जब्त किए। कुल 28,68,430 रुपये की नकदी बरामद की गई, जिसमें पलवल जिले से 20 लाख रुपये और सिरसा से 8 लाख रुपये की बड़ी बरामदगी शामिल है। पुलिस ने 12.12 किलोग्राम गांजा, 150 ग्राम अफ़ीम, 220 ग्राम चरस/सुल्फा और 453 ग्राम हेरोइन ज़ब्त की। इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त 2 कार, 4 मोटरसाइकिल, 3 स्कूटी/एक्टिवा, 1 ई-रिक्शा और 7 मोबाइल फोन व सिम कार्ड भी जब्त किए गए। साथ ही, पुलिस ने 2 देसी कट्टे, 1 पिस्टल और 5 ज़िंदा कारतूस भी बरामद किए।
पुलिस का मानवीय चेहरा: 708 जरूरतमंदों की मदद
कड़ी कार्रवाई के बीच पुलिस ने मानवीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए जरूरतमंदों की सहायता भी की। ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ केवल अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें पुलिस का संवेदनशील रूप भी झलका। गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर मिले 708 जरूरतमंद और विपत्तिग्रस्त व्यक्तियों की मदद की। इनमें गुरुग्राम में 219, पंचकूला में 150 और सिरसा में 73 लोगों को तत्काल सहायता प्रदान की गई।
‘ऑपरेशन साइबर प्रहार’: 1930 हेल्पलाइन ने बचाए 1.25 करोड़ रुपये
हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए ‘ऑपरेशन साइबर प्रहार’ को भी जोरदार गति दी। हेल्पलाइन 1930 की त्वरित कार्रवाई और फरीदाबाद पुलिस की तत्परता से राज्यभर में ऑनलाइन ठगी के कई मामलों में बड़ी सफलता मिली। ठगों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए पुलिस ने रिपोर्ट की गई ठगी की राशि का 94.36% हिस्सा — 1.36 करोड़ रुपये से अधिक तुरंत होल्ड करा दिया। इस दौरान 14 साइबर अपराधी गिरफ्तार किए गए, जिनसे 5.21 लाख रुपये की रिकवरी हुई और 5.03 लाख रुपये पीड़ितों को वापस कराए गए।
शेयर मार्केट फ्रॉड: 1.38 करोड़ की ठगी, एमपी से आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद के साइबर थाना NIT ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1.38 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की। आरोपियों ने पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी VIP ट्रेडिंग ऐप के ज़रिए झांसा दिया। पुलिस ने मध्य प्रदेश के दतिया निवासी हेमंत (23) को गिरफ्तार किया, जिसके खाते में ठगी के 12.78 लाख रुपये ट्रांजेक्ट हुए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
‘वर्क फ्रॉम होम’ के नाम पर टास्क फ्रॉड, दो गिरफ्तार
साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने ‘प्री-पेड टेलीग्राम टास्क’ के नाम पर 9.34 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया। सीकर निवासी करण मीणा और रविंद्र ने फर्जी लिंक के ज़रिए पीड़ित को गूगल मैप रेटिंग टास्क में फंसाया था। रविंद्र को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है, जबकि करण को जेल भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूर्व में भी इस गिरोह से जुड़े कई आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और अब मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने की कार्रवाई चल रही है।