Follow

ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान हरियाणा विधान सभाध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की विक्टोरिया संसद के शीर्ष नेतृत्व से हुई मुलाकात

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो 

 

मेलबर्न / चंडीगढ़, 4 फरवरी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने अपनी सात दिवसीय ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान बुधवार को विक्टोरिया राज्य की प्रीमियर (प्रधानमंत्री) जैसिंटा एलन, विक्टोरिया संसद की स्पीकर मरी एडवर्ड्स तथा डिप्टी स्पीकर मैट फ्रेगन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों विधायी संस्थाओं के बीच संसदीय प्रक्रियाओं, विधायी सुधारों तथा सुशासन से जुड़े विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

Advertisement

 

विक्टोरिया संसद में आयोजित बैठक में चर्चा करते हुए हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि हरियाणा विधान सभा के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विक्टोरिया संसद द्वारा दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत एवं आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।

 

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकें विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं और प्रभावी शासन के अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए उपयोगी सिद्ध होती हैं। उन्होंने कहा कि आपसी विधायी हितों से जुड़े विषयों पर हुई चर्चाएं दोनों संस्थाओं को और अधिक समृद्ध करेंगी तथा परस्पर सहयोग को नई दिशा देंगी। इस अवसर पर उन्होंने विक्टोरिया संसद की स्पीकर सुश्री मरी एडवर्ड्स को उनके नेतृत्व और संसदीय लोकतंत्र में योगदान के लिए सम्मानित भी किया।

 

विक्टोरिया की प्रीमियर जैसिंटा एलन से भेंट के दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के लोकतांत्रिक ढांचे की जड़ें वेस्टमिंस्टर प्रणाली में हैं, जिन्हें संघीय व्यवस्था और संस्थागत जवाबदेही ने और मजबूत किया है। उन्होंने हरियाणा को भारत का एक प्रगतिशील राज्य बताते हुए कहा कि राज्य में विधायी सुधारों, पारदर्शिता और जन-केंद्रित शासन को विशेष महत्व दिया जाता है। इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिड्ढा, असंध से विधायक योगेन्द्र राणा भी मौजूद रहे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh