Follow

हरियाणा सरकार ने मतलौडा को नगर पालिका बनाने का किया नोटिफिकेशन जारी : कृष्ण लाल पंवार

चंडीगढ़, 31 दिसंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत जिले के मतलौडा गांव को नगरपालिका बनाने की घोषणा की है। इस संबंध में शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा द्वारा अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। मतलौडा प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार का पैतृक गांव भी है। मतलौडा ग्राम पंचायत को नगरपालिका बनाए जाने पर क्षेत्रवासियों तथा विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया है। इस घोषणा पर कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि नववर्ष पर मुख्यमंत्री द्वारा यह मेरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक घोषणा है।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मतलौडा को नगरपालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में सुनियोजित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा बुनियादी ढ़ांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मतलौडा नगरपालिका बनने पर क्षेत्र में सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाईट, पार्को का विकास, बाजारों का सौन्दर्यकरण होगा तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ-सबका विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश निरतंर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मंत्री ने क्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाया कि अब नगरपालिका बनने के बाद विकास कार्यों को और अधिक प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।

 

Advertisement
Advertisement
Tap to Refresh