Follow

मध्य प्रदेश विधानसभा में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण का स्वागत

भोपाल / चण्डीगढ़, 4 दिसम्बर : हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने वीरवार को भोपाल पहुंचकर मध्य प्रदेश विधान सभा की कार्यवाही देखी। इससे पूर्व श्री कल्याण मध्य प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निमंत्रण पर भोपाल स्थित बोट क्लब पहुंचे, जहां वे पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित शिकारा नाव के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए। यहां पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने उनका स्वागत किया। 

इसके बाद उन्होंने नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस दौरान शहरी स्थानीय निकाय विभाग और विधान सभा अध्यक्ष पद के कार्यों को लेकर गहन चर्चा हुई। इस चर्चा के दौरान श्री कल्याण ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग प्रत्यक्ष रूप से आम आदमी से जुड़ा विभाग है। विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन के साथ साथ नागरिकों की जरूरतों को पूरा करना भी इस विभाग का दायित्व है। अधिकारी निष्ठाभाव से कार्य करके ही इन जिम्मेदारियों पर खरा उतर सकते हैं। इस दौरान विधान सभा की तर्ज पर नगर निगम में अध्यक्ष पद के सृजन पर भी चर्चा हुई।

इस यात्रा के दौरान श्री कल्याण भोपाल में शहीदों की याद में स्थापित शौर्य स्मारक पर भी गए। यहां उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए विजिटर रजिस्टर में लिखा कि यह एक अति प्रेरणादायी स्थल है। इसके भ्रमण से प्रत्येक व्यक्ति में देश प्रेम और देश भक्ति की भावना प्रबल होती है। इस दौरे पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की धर्मपत्नी श्रीमती रेशमा कल्याण भी उनके साथ मौजूद रहीं। मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने श्रीमती कल्याण का स्वागत किया।

Advertisement

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh