Follow

हरियाणा विधानसभा के अधिकारियों को मिलेगी एआई की ट्रेनिंग

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 8 अप्रैल : हरियाणा विधानसभा के प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह तकनीकी प्रशिक्षण हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान के पंचकूला के सेक्टर 25 स्थित केंद्र में 9 और 10 अप्रैल को करवाया जाएगा। यह क्षमता निर्माण कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजिन ‘विकसित भारत 2047’ और लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला व हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के प्रयासों के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण प्रतिदिन लगभग 4 घंटे की अवधि का होगा, जिसमें दो बैच बनाए गए हैं। पहला बैच  सुबह 9:15 बजे से शुरू होगा जबकि दूसरा बैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। सभी प्रतिभागियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रथम बैच के लिए सुबह 9:00 बजे तथा द्वितीय बैच के लिए दोपहर 1:00 बजे निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।

इस प्रशिक्षण का निर्णय हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण तथा हिपा महानिदेशक मनोज यादव की मंगलवार को हुई बैठक में लिया गया।

सभी संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे इस प्रशिक्षण अवधि के दौरान बिना किसी अत्यावश्यक कारण के अवकाश न लें, क्योंकि यह प्रशिक्षण अनिवार्य है। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान द्वारा की जाएगी।

Advertisement

 

Advertisement
Tap to Refresh