Follow

जीएसटी सुधार आमजन और व्यापारियों के लिए ऐतिहासिक कदम : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

22 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा ‘जीएसटी जागृति अभियान’, मंत्री, विधायक और शहरों के जनप्रतिनिधि करेंगे नेतृत्व

 

चंडीगढ़, 21 सितंबर— हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में लागू किए गए जीएसटी सुधार देश के आर्थिक इतिहास में सबसे बड़ा कर सुधार साबित होंगे। यह सुधार न केवल व्यापारियों को राहत देंगे बल्कि आम उपभोक्ताओं के जीवन को भी सरल बनाएंगे। इन सुधारों से “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता आएगी।

 

इस कड़ी में मुख्यमंत्री ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए जीएसटी सुधारों के लाभ और महत्व की जानकारी आमजन और व्यापारियों तक पहुंचाने के लिए22 सितंबर से 15 अक्टूबर 2025 तक एक विशेष ‘जीएसटी जागृति अभियान’ शुरू करने को कहा है। इसके लिए आबकारी एवं कराधान विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।

Advertisement

 

उन्होंने कहा कि अभियान का पहला चरण 22 से 29 सितंबर तक चलेगा। इसमें मुख्यमंत्री स्वयं, राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, विधायक तथा शहरी स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इस दौरान प्रतिदिन चिन्हित मार्केट्स का दौरा कर 25 से 30 दुकानदारों और ग्राहकों को सुधारों की जानकारी दी जाएगी। जनता को विशेष पम्पलेट वितरित किए जाएंगे और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाए जाएंगे।

 श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि व्यापार मंडल और विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि व्यापारी वर्ग प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जाएगा। इसके लिए #जीएसटी सुधार, #EaseOfDoingBusiness, #स्वदेशी और #हरियाणा जैसे हैशटैग चलाए जाएंगे।

 

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कर सुधारों की जानकारी देना ही नहीं है बल्कि लोगों को भारत में निर्मित वस्तुओं को अपनाने और स्वदेशी की भावना को प्रोत्साहित करने का भी संदेश देना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान के माध्यम से न केवल व्यापारी वर्ग जागरूक होगा बल्कि आमजन को भी इन सुधारों का सीधा लाभ मिलेगा और हरियाणा व्यापारिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनेगा।

 

Advertisement
Tap to Refresh