Follow

सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले को बेहतर और सुरक्षित सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाए : रणबीर गंगवा

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 27 फरवरी : हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़कों के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। राज्यभर में सड़कों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और फॉरलेन निर्माण के कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं, जिससे यातायात सुगम हुआ है और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले को बेहतर और सुरक्षित सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाए।

लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा आज हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान विधायक मो. इलियास द्वारा पूछे गए एक प्रश्न का जवाब दे रहे थे।

गंगवा ने बताया कि होडल से पटौदी को जोड़ने वाला मार्ग, जो दक्षिण हरियाणा का एक महत्वपूर्ण यातायात मार्ग है, उसे फॉरलेन बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। इस परियोजना को दो भागों में क्रियान्वित किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि पहले भाग में होडल से बिलासपुर चौक वाया नूंह 0.00 से 71.00 किलोमीटर तक सड़क को फॉरलेन बनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (एनसीआरपीबी) के तहत 616.01 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस कार्य के लिए लगभग 80 हेक्टेयर (197.6 एकड़) भूमि की आवश्यकता है, जो वन विभाग के पास प्रक्रियाधीन है। वन विभाग से मंजूरी तथा एनसीआरपीबी से ऋण स्वीकृत होने के बाद टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।

Advertisement

उन्होंने आगे बताया कि दूसरे भाग में बिलासपुर चौक से कुलाना वाया पटौदी 71.00 से 96.00 किलोमीटर तक फॉरलेन बनाने के लिए 476.07 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है। यह प्रस्ताव भी वर्तमान में स्थायी वित्त समिति के पास विचाराधीन है। इस खंड के लिए लगभग 27 हेक्टेयर (66 एकड़) भूमि की आवश्यकता है। वन मंजूरी एवं एनसीआरपीबी से ऋण स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत टेंडर प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र ही फॉरलेन निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

———

चंडीगढ़, 27 फरवरी : हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा  ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में रेलवे से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आमजन को बेहतर यातायात सुविधा देने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। राज्य में विभिन्न रेलवे क्रॉसिंगों पर अंडरपास और ओवरब्रिज निर्माण के माध्यम से जाम की समस्या कम करने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कच्चा बेरी सड़क पर अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक भारत भूषण बत्तरा द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

उन्होंने बताया कि कच्चा बेरी सड़क स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। इस संबंध में सामान्य व्यवस्था रेखाचित्र को रेलवे विभाग द्वारा अनुमोदित किया जा चुका है। यह कार्य राज्य सरकार के जमा कार्य के रूप में रेलवे विभाग द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अंडरपास निर्माण के लिए 1346.60 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसके लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) की 1 कनाल 17 मरला भूमि भी शामिल है। इस भूमि को पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जारी है। भूमि उपलब्ध होते ही टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

———-

चंडीगढ़, 27 फरवरी : हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा में सड़कों और बाईपास के विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क या बाईपास के निर्माण के लिए जमीन की आवश्यकता होती है, जिसे सरकार ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से खरीदती है।

लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक भारत भूषण बत्तरा द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

उन्होंने बताया कि कोसली बाईपास के निर्माण के लिए सरकार ने उच्च स्तरीय भूमि क्रय समिति से 2024 में 23.09 एकड़ भूमि 60 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से खरीदने का निर्णय लिया है। अब तक शहादत नगर गांव के 67 प्रतिशत और धनियां गांव के 51 प्रतिशत भूमि मालिकों ने अपने शपथ पत्र जमा करवा दिए हैं। धनियां गांव की कुछ भूमि अभी भी शेष है। उन्होंने विधायक से आग्रह किया कि वे भूमि मालिकों से बातचीत कर जमीन उपलब्ध करवाने में सहयोग करें, ताकि बाईपास निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh