Follow

CM सुक्खू के आगमन से भटवाड़ी में दिवाली से पहले उत्सव सा माहौल

‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने भटवाड़ी में किया रात्रि प्रवास

न्यूज़म ब्यूरो

शिमला 2 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के आगमन से रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी गांव में दिवाली से पहले ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

Advertisement

‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने भटवाड़ी पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का स्वागत किया तथा उन्हें सम्मानित किया।

Special Offer
ADVERTISEMENT

इस दौरान स्थानीय लोगों ने पारंपरिक लोकगीत ‘लामण’ गाए और नाटी प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भी ग्रामीणों के साथ नाटी में शामिल हुए और स्थानीय गीत गाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ग्राम पंचायत दिऊदी के प्रधान प्रशनलाल के घर पर रात्रि प्रवास किया।

प्रधान प्रशनलाल ने कहा कि इससे पहले पूर्व, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस गांव में आए थे, लेकिन उसके बाद कोई मुख्यमंत्री यहां नहीं आया।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू इस दूरदराज के गांव में रात बिताने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिससे स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है।

मुख्यमंत्री के रात्रि भोज के लिए स्थानीय लोगों ने पारंपरिक पकवान तैयार किए।

इस दौरान उन्हें फाफरा और कोदे की रोटी, लाल चावल और राजमा सहित क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजन परोसे गए।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने महिला मंडलों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बरशील पुल को मोटरेबल बनाने का आश्वासन दिया तथा चिंगवाड़ी सड़क के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा पेखा-दिऊदी महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने धमवाड़ी स्कूल को सीबीएसई बनाने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राटा, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh