राज्यभर में 6,495 किलो खाद्य सामग्री जब्त
जब्त सामग्री की कीमत करीब 24.92 लाख रुपये
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 28 अक्टूबर। महाराष्ट्र अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मिठाई, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्यभर से कुल 6,495 किलो खाद्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की कीमत 24 लाख 92 हजार 455 रुपये बताई गई है। इसमें मुंबई की चार दुकानें भी शामिल हैं।
मुंबई की चार दुकानों पर कार्रवाई
एफडीए अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान मिठाई, दुग्ध उत्पाद, चावल, सूखे मेवे और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की गई। लेबल पर अधूरी जानकारी, गुणवत्ता मानकों के संभावित उल्लंघन और अस्वच्छ भंडारण की आशंका के चलते कार्रवाई की गई।
मुंबई की यशोदा डेयरी से 76,510 रुपये मूल्य का 250.50 किलो दूध पाउडर, भैंस का दूध और पनीर जब्त किया गया। क्लासिक एंटरप्राइजेज से 35,520 रुपये मूल्य का 296 किलो टूटा चावल बरामद हुआ। गीतांजलि कैटरिंग सर्विसेज से 36 हजार रुपये मूल्य का 72 किलो मोहनथाल, जबकि अरिहंत स्वीट्स से 1 लाख 22 हजार 260 रुपये मूल्य की 240.50 किलो विभिन्न मिठाइयां जब्त की गईं। मिठाइयों में अतिरिक्त रंग मिलाए जाने का संदेह है।
अन्य विभागों में भी कार्रवाई
एफडीए की टीमों ने राज्य के अन्य हिस्सों में भी खाद्य सामग्री जब्त की। कोंकण विभाग में 2.69 लाख रुपये मूल्य का 1,298 किलो खाद्य गोंद और 1.43 लाख रुपये मूल्य का 631 किलो गुड़ व शहद जब्त किया गया।
नागपुर विभाग के कामठी स्थित राधेकृष्ण फूड प्रोडक्ट्स से 10 लाख 60 हजार 970 रुपये मूल्य की 1,795 किलो ममता सोनपापड़ी जब्त की गई। अधिकारियों के अनुसार, प्रतिष्ठान के पास आवश्यक लाइसेंस या पंजीकरण नहीं था।
पुणे विभाग में 53,775 रुपये मूल्य की 478 किलो दाल, 3.58 लाख रुपये मूल्य के 358 किलो बादाम और 2.46 लाख रुपये मूल्य की 493 किलो काली किशमिश जब्त की गई। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर विभाग में 62,080 रुपये मूल्य के 388 किलो मोटे अनाज से बने उत्पाद और 27,840 रुपये मूल्य के 195 किलो दूध बिस्कुट जब्त किए गए।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
