Follow

किसानों की धान की फसल के एक-एक दाने की होगी खरीद : नायब सिंह सैनी

मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर 21 से 27 सितंबर के बीच किसान कर सकेंगे आवेदन : नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने बाबैन अनाज मंडी में किसानों, आढ़तियों, व्यापारियों, राइस मिलरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की बैठक

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 20 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धान की फसल खरीद के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सीजन में किसानों को किसी भी दिक्कत व परेशानी का सामना ना करना पड़े। मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल को किसानों के लिए 21 से 27 सितंबर तक आवेदन के लिए खोला जा रहा है। जिन किसानों की वेरिफिकेशन का कार्य पेंडिंग है वो एसडीएम के पास अपना आवेदन करें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को बाबैन मार्केट कमेटी कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में किसान, आढ़ती, व्यापारी, राइस मिलर और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से धान की फसल की खरीद के संबंध में चर्चा की। इस दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग और मंडी प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अब किसानों की फसल के वेरिफिकेशन और एमएफएमबी पोर्टल पर आवेदन ना होने की जानकारी संज्ञान में आई थी जिसको देखते हुए सरकार ने अधिकारियों को पोर्टल ओपन करने के निर्देश दिए गए हैं। अब 21 से 27 सितंबर तक पोर्टल ऑन रहेगा, जहां पर किसान अपना आवेदन कर सकते हैं और जिन किसानों के  आवेदन की वेरिफिकेशन पेंडिंग है वो अपने एसडीएम को लिखित में दें, ताकि उनका वेरीफिकेशन करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही किसानों के लिए नीतियों और योजनाओं को लागू किया है।

प्रदेश के किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। सब्जी की फसलों पर भावांतर भरपाई योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6 हजार रुपए वार्षिक सीधे खातों में भेजे जा रहे हैं। किसानों की फसलों का बीमा किया जा रहा है। इसके साथ ही अनुदान पर कृषि यंत्रों को मुहैया करवाया जा रहा है। इस मौके पर  उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, सरपंच संजीव गोल्डी, मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सैनी सहित अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh