Follow

समाज और पुलिस के बीच सेतु हैं प्रबुद्ध नागरिक : डीजीपी अजय सिंघल

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 30 जनवरी। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने आज रोहतक जिला में समाज के विभिन्न प्रबुद्ध वर्गों—जिनमें वरिष्ठ चिकित्सक, समाजसेवी, शिक्षण संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधि तथा उद्योग जगत के प्रमुख लोग शामिल थे—से शिष्टाचार भेंट कर संवाद किया। पुलिस महानिदेशक को अपने बीच पाकर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि आप सभी समाज के सम्मानित व्यक्ति हैं और समाज व पुलिस के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाते हैं। समाज के उत्थान में आपका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है जब पुलिस और प्रबुद्ध नागरिक आपसी सहयोग और विश्वास के साथ कार्य करें।

डीजीपी ने आगे कहा कि आप समाज का चेहरा हैं और पुलिस सरकार का प्रतिनिधित्व करती है। यदि हम सभी मिलकर जनहित, सामाजिक सद्भाव, कानून-व्यवस्था तथा नागरिक सुरक्षा जैसे विषयों पर समन्वित प्रयास करें, तो न केवल समाज को एक बेहतर दिशा दी जा सकती है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा सकता है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों के सहयोग से पुलिस जनसुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर अपराध की रोकथाम तथा सामाजिक जागरूकता जैसे अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकेगी। बैठक के दौरान उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने भी पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग का आश्वासन देते हुए समाजहित में संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

Advertisement

 

Advertisement
Tap to Refresh