Follow

13 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों धरे गए ED के अधिकारी उत्तम पाण्डेय

Listen to this article

सीकर में प्रवर्तन निदेशालय में राहत दिलाने के नाम पर ले रहे थे 13 लाख रुपये रिश्वत 

न्यूज़म ब्यूरो 

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान की स्पेशल यूनिट-द्वितीय, जयपुर द्वारा की गई ट्रैप कार्यवाही में आरोपी उत्तम पाण्डेय निवासी ग्राम सरई पाण्डेयपुर, पोस्ट बदनापुर, जनपद अयोध्या (उत्तर प्रदेश) को परिवादी से 13 लाख रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

Advertisement

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी द्वारा दिनांक 30.12.2025 को एसीबी, जयपुर में प्रस्तुत लिखित शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में एक निजी कंपनी QFX Pvt. Ltd. में निवेश के संबंध में उसके साथ धोखाधड़ी हुई थी। इस संबंध में आरोपी द्वारा परिवादी से संपर्क कर स्वयं को प्रवर्तन निदेशालय (E.D.), चंडीगढ़ के सहायक निदेशक कार्यालय से संबद्ध बताते हुए उक्त प्रकरण में नाम हटवाने एवं राहत दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की गई।

शिकायत के अनुसार आरोपी द्वारा प्रारंभ में 20 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई, जिसे बाद में घटाकर 15 लाख रुपये तथा अंततः 13 लाख रुपये लेने पर सहमति व्यक्त की गई।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा शिकायत का सत्यापन करने के उपरांत बीते शनिवार को उपमहानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के सुपरविजन में विजय सिंह उप अधीक्षक पुलिस स्पेशल यूनिट-द्वितीय जयपुर द्वारा ट्रैप कार्यवाही की गई। ट्रैप के दौरान आरोपी को होटल अशोका, कल्याण सर्किल के पास रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से कुल 13 लाख रुपये की रिश्वत राशि (02 लाख रुपये नगद एवं 11 लाख रुपये अन्य माध्यम से) बरामद की गई।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं कार्रवाई जारी है।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh