Follow

शराब के नशे में पति ने गर्भवती पत्नी व ढाई साल के बेटे की हत्या की

Listen to this article

कानपुर। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव के मजरा शारदेपुर में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शराब के नशे में घर लौटे एक युवक ने गर्भवती पत्नी और ढाई साल के बेटे की बांके से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

 

जानकारी के मुताबिक, शारदेपुर निवासी सुरेंद्र यादव उर्फ स्वामी (35) ट्रक में खलासी का काम करता था। रविवार रात करीब 9 बजे वह शराब पीकर घर पहुंचा। पत्नी रूबी (32) ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में सुरेंद्र ने पहले पत्नी के गले पर बांके से दो वार किए, फिर ढाई साल के बेटे के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

 

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घर के पास पहुंचे, लेकिन आरोपी ने दरवाजा बंद कर लिया। लोगों को लगा कि यह रोज का घरेलू झगड़ा है, इसलिए वे कुछ देर बाद लौट गए। इसी बीच आरोपी घर से भाग निकला।

 

देर रात जब सुरेंद्र का भाई पप्पू घर पहुंचा तो कमरे में पत्नी और भतीजे के शव खून से लथपथ पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए। कमरे में खून बिखरा हुआ था और मां-बेटे के शव अगल-बगल पड़े थे।

 

पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था और सभी भाई अलग-अलग रहते थे। उसकी शादी वर्ष 2021 में फतेहपुर के गौरा चुरियारा निवासी रूबी से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शराब की लत और आए दिन होने वाले झगड़ों के कारण परिवार में तनाव रहता था।

 

घाटमपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh