भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जारी किया नियुक्ति पत्र
डा. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में खुशी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता को लड्डू खिलाकर दी बधाई एवं शुभकामनाएं
महिला सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता: डा. अर्चना गुप्ता
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 28 मई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता को भाजपा हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से पत्र भी जारी कर दिया गया है। डा. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर महिलाओं सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह है।
प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित पूरे संगठन का दिल की गहराईयों से धन्यवाद किया और आभार जताया।
नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में भाजपा का संगठन काफी मजबूत है। उन्होंने कहा कि सभी धर्म, सम्प्रदाय, जाति, वर्ग सहित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला सशक्तिकरण पर काम करना मेरी सबसे ज्यादा प्राथमिकता है, ताकि महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में अधिक से अधिक भागीदारी हो सके।
नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता 9 सितंबर 2015 को पानीपत जिला महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बनीं। जून 2017 में जिला जनसंपर्क और शिकायत निवारण समिति सदस्य नियुक्त किया गया। उन्होंने 13 अगस्त 2019 को पानीपत जिला अध्यक्ष का दायित्व मिला और वे 5 जनवरी, 2024 तक जिला अध्यक्ष के पद पर रहीं। इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने 5 जनवरी 2024 को डा. अर्चना गुप्ता को संगठन में प्रदेश महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी दी।
डा. अर्चना गुप्ता वर्तमान में अग्रवाल संगठन हरियाणा में सचिव , राष्ट्रीय सेविका समिति की सदस्य, भारत विकास परिषद की सदस्य हैं। सक्रिय राजनीति में आने से पहले से ही डा. अर्चना गुप्ता 2014 से विश्व हिंदू परिषद की भारतीय स्वास्थ्य रेखा की हरियाणा उपाध्यक्ष हैं। 2013 से 2014 तक डा. अर्चना गुप्ता ने विश्व हिंदू परिषद की मेडिकल सेल की सह-संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाली है।
डा. अर्चना गुप्ता पेशे से गोल्ड मेडलिस्ट डाक्टर हैं। उन्होंने वर्ष 1990 एमबीबीएस, पीजीआईएमएस, 1994 में एमडी, रेडियो डायग्नोसिस (पीजीआईएमएस, रोहतक) से की। वे चिकित्सा सोसाइटी, उत्तर चौप्टर की संस्थापक अध्यक्ष भी हैं। भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) और भारतीय रेडियोलॉजिकल और इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए) की आजीवन सरदस्य भी हैं। उन्होंने अपने 31 वर्षों की प्रैक्टिस में 5 लाख से अधिक महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की।
पारिवारिक परिचय
20 जनवरी 1968 को जन्मी डा. अर्चना गुप्ता का बचपन देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण की चर्चाओं में बीता। वे अपने दादा स्वतंत्रता सेनानी सूरजभान से काफी प्रभावित रहीं। डा. अर्चना गुप्ता के पिता पुरुषोत्तम दास गुप्ता, बी.ई. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, वर्तमान में समालखा में अपना व्यवसाय चला रहे हैं और उनकी माता जी संतोष गुप्ता, स्नातक, गृहिणी हैं। डा. अर्चना गुप्ता के पति डा. अनिल गुप्ता भी एम.बी.बी.एस. एम.एस. नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। इनके एक बेटी डा. आरुषि गुप्ता और एक बेटा अविरल गुप्ता हैं।