Follow

BRICS सम्मेलन की सफलता पर एक्सपर्ट्स ने थपथपाई भारत की पीठ, बोले- मतभेदों के बावजूद देशों को साथ लाने में कामयाब रही डिप्लोमेसी

नई दिल्ली डिक्लेरेशन को भारत की बड़ी कूटनीतिक सफलता बताया गया, विशेषज्ञों ने कहा- अलग-अलग विचारधाराओं और जियोपॉलिटिकल तनाव के बीच साझा मुद्दों पर सहमति बनाना बड़ी उपलब्धि

Rahul Gupta
नई दिल्ली, 13 सितंबर।

नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपने-अपने देश रवाना हो गए हैं। अन्य देशों के प्रतिनिधि भी विदाई की तैयारी में हैं। इसी बीच सम्मेलन के नतीजों और नई दिल्ली डिक्लेरेशन को लेकर विशेषज्ञों की राय सामने आने लगी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि नई दिल्ली डिक्लेरेशन मतभेदों और जियोपॉलिटिकल विरोधाभासों के बावजूद ब्रिक्स के अलग-अलग सदस्य देशों को एक साझा मंच पर लाने में भारतीय डिप्लोमेसी की सफलता को दर्शाता है।

भारत की डिप्लोमेसी को बताया शानदार सफलता

ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के जिंदल स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स के डीन प्रोफेसर श्रीराम चौलिया ने सम्मेलन के नतीजे को भारत की डिप्लोमेसी और बहुपक्षीय जुड़ाव के लिए शानदार सफलता बताया।

Advertisement

उन्होंने कहा कि यह भारतीय डिप्लोमेसी, बहुपक्षीय स्तर पर भारत की क्षमता और अलग-अलग सदस्य देशों के बीच मौजूद विरोधाभासों को संभालने की सफलता है। उनके मुताबिक भारत सभी देशों को एक साझा न्यूनतम सहमति के आधार पर साथ लाने में सफल रहा।

विविधता को कमजोरी नहीं, ताकत बनाया

श्रीराम चौलिया ने कहा कि ब्रिक्स के विस्तार के साथ सदस्य देशों के बीच मतभेद बढ़ने की आशंका थी। आम तौर पर किसी समूह में विविधता बढ़ने के साथ मतभेद और बंटवारे की संभावना भी बढ़ती है, लेकिन भारत ने इस विविधता को अपनी ताकत में बदल दिया।

उन्होंने कहा कि यह तरीका विशेष रूप से विवादित जियोपॉलिटिकल मुद्दों को लेकर जारी डिक्लेरेशन में दिखाई देता है। अलग-अलग देशों के हितों और मतभेदों के बावजूद साझा मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिश भारत की अध्यक्षता की अहम उपलब्धि रही।

बंटी हुई दुनिया में सहयोग की संभावना

चौलिया के मुताबिक दिल्ली डिक्लेरेशन में जारी युद्धों, विवादित मुद्दों और जियोपॉलिटिकल तनाव जैसे विषयों पर चर्चा इस बात को दिखाती है कि दुनिया में गहरे मतभेदों के बावजूद सहयोग के लिए आधार तैयार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया कई स्तरों पर बंटी हुई है, फिर भी भारत की लीडरशिप ने यह दिखाया कि बड़े वैश्विक स्तर पर भी कुछ साझा मुद्दों पर सहयोग का रास्ता बनाया जा सकता है।

आतंकवाद और इंटरनेशनल लॉ पर भी चर्चा

यूरोपियन प्रेस फेडरेशन के पत्रकार मार्को एल्पेगियानी ने नई दिल्ली डिक्लेरेशन में आतंकवाद और इंटरनेशनल लॉ से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर व्यापक चर्चा की जरूरत है और इंटरनेशनल लॉ का पालन तथा उसे लागू करना जरूरी है। उनके मुताबिक किसी भी तरह के आतंकवाद का विरोध किया जाना चाहिए, चाहे वह किसी छोटे या बड़े संगठन अथवा छोटे या बड़े देश से जुड़ा हो।

एल्पेगियानी ने आर्थिक प्रतिबंधों को भी आतंकवाद के एक रूप के तौर पर देखने की बात कही। उनके अनुसार डिक्लेरेशन में आतंकवाद की परिभाषा को केवल कुछ समूहों तक सीमित न रखने और इसे व्यापक अंतरराष्ट्रीय संदर्भ में देखने की कोशिश की गई है।

डिक्लेरेशन पर पहुंचना जरूरी था

दक्षिण अफ्रीका के पत्रकार सियाबोंगा गुडमैन माडोंडो ने कहा कि ब्रिक्स देशों के लिए डिक्लेरेशन पर सहमति बनाना जरूरी था। उन्होंने बताया कि करीब 45 पेज के इस दस्तावेज में कई वैश्विक चुनौतियों और स्थिरता से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया है।

माडोंडो के मुताबिक डिक्लेरेशन में ब्रिक्स देशों को ईरान और मध्य पूर्व में जारी युद्धों से खुद को दूर रखने की जरूरत पर भी जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन संघर्षों का असर केवल संबंधित देशों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि डिक्लेरेशन में सुरक्षित अफ्रीका और सुरक्षित दुनिया के लिए प्रतिबद्धता से जुड़े कई मुद्दे शामिल हैं।

निवेश, आर्थिक विकास और मानव तस्करी पर जोर

माडोंडो ने कहा कि अफ्रीका और दुनिया के दूसरे हिस्सों के लिए निवेश और बढ़ती अर्थव्यवस्था जरूरी है। इसके साथ ही देशों में स्थिरता बनाए रखने के लिए स्पष्ट रास्ता तैयार करना भी जरूरी है।

उन्होंने मानव तस्करी के मुद्दे का भी जिक्र किया। उनके अनुसार इसका सीधा असर मानवाधिकारों पर पड़ता है और दुनिया के कई हिस्सों में इन अधिकारों का लगातार उल्लंघन हो रहा है।

डिक्लेरेशन को लागू करना अगली चुनौती

माडोंडो ने कहा कि नई दिल्ली डिक्लेरेशन अंतिम मंजिल नहीं है, बल्कि इस पर आगे काम करने की जरूरत है। इसे लागू करना जरूरी होगा, हालांकि इसके लिए अभी कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं है।

उन्होंने कहा कि डिक्लेरेशन में उठाए गए मुद्दे मौजूदा समय में पूरी दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियां हैं। इसलिए अब इन समस्याओं के समाधान के लिए स्पष्ट और ठोस कदम उठाने की जरूरत होगी।

इससे पहले अमेरिका के दक्षिण एशिया मामलों के विश्लेषक माइकल कुगेलमैन भी नई दिल्ली डिक्लेरेशन को भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक सफलता बता चुके हैं।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh