Follow

राज्य स्तरीय समिति बैठक में पानीपत के बहोली की विकास योजना को मिली मंजूरी : नायब सिंह सैनी

न्यूज़म ब्यूरो
 

चंडीगढ़,11 फरवरी : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की राज्य स्तरीय समिति (SLC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पानीपत के अंतर्गत आने वाले बहोली के विकास नियोजन (डेवलपमेंट प्लान) पर विचार-विमर्श कर स्वीकृति प्रदान की गई। 

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, वित्तायुक्त व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा, राजा शेखर वुंडरू, ए.के.सिंह, अनुराग अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के निदेशक अमित खत्री सहित संबंधित विभागों के प्रशासनिक सचिव एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। उपायुक्त पानीपत एवं करनाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।  

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नगर एवं ग्राम योजना विभाग द्वारा यह विकास योजना विभाग की नवीनतम नीतियों को सम्मिलित करते हुए, क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों एवं अन्य योजना मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार की है।  

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि योजना को पानीपत ऑयल रिफाइनरी की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य में होने वाली सहायक गतिविधियों को विनियमित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत आवासीय, वाणिज्यिक, सार्वजनिक एवं अर्ध-सार्वजनिक, परिवहन एवं संचार, सार्वजनिक उपयोगिता तथा खुला क्षेत्र जैसे सहायक भूमि उपयोग प्रस्तावित किए गए हैं, ताकि वर्ष 2031 तक अनुमानित 65 हजार की जनसंख्या की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। 

Advertisement

अब आम जनता से इस संबंध में आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित करने के लिए विभाग द्वारा अधिसूचना प्रकाशित की जाएगी। प्रकाशन की तिथि से 30 दिनों के भीतर सुझाव अथवा आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती है। इसके बाद अंतिम विकास योजना प्रकाशित की जाएगी। जिससे नगर एवं आसपास के क्षेत्र के नियोजित विकास को नियंत्रित एवं प्रोत्साहित किया जा सकेगा।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh