मॉडर्न पब्लिक स्कूल दिल्ली के विद्यार्थियों ने किया हरियाणा विधान सभा का भ्रमण
विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण से विस्तृत संवाद, राष्ट्र के प्रति कर्त्तव्यभाव का दिया संदेश
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 5 अगस्त। दिल्ली के मॉडर्न पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बुधवार को हरियाणा विधान सभा का शैक्षणिक भ्रमण कर विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण से संवाद किया। विस अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति कर्तव्यभाव रखने, संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सदैव ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

विद्यार्थियों के इस समूह में 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विधान भवन का भ्रमण किया। उन्होंने लोकतांत्रिक दीर्घा का अवलोकन किया तथा संविधान और विधायिका के मूल सिद्धांतों पर आधारित एक लघु डॉक्यूमेंट्री भी देखी। इसके बाद विद्यार्थियों ने विधान सभा सदन का भी अवलोकन किया।
विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हरियाणा विधान सभा की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल अलका कपूर तथा अनेक शिक्षक भी मौजूद रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।