Follow

अपराध, नशा और साइबर ठगी पर निर्णायक प्रहार, 768 हॉटस्पॉट्स पर एक साथ कार्रवाई, 156 गिरफ्तार, 62 एफआईआर दर्ज

Listen to this article

चंडीगढ़, 15 दिसंबर। हरियाणा पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” के तहत एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए राज्यभर में एक साथ 768 चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर दबिश दी, 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 62 नए आपराधिक मामले दर्ज किए। इस राज्यव्यापी सघन अभियान ने नशा तस्करी, अवैध शराब, जुआ, हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध के नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया है।

इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 62 नए आपराधिक मामले दर्ज किए, जिनमें नशा, शराब तस्करी और जुआ से जुड़े 59 तथा आर्म्स एक्ट के 3 मामले शामिल हैं। त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप कुल 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 42 लंबे समय से फरार हिंसक अपराधी और आर्म्स एक्ट के तहत पकड़े गए 5 आरोपी शामिल हैं।

 

Advertisement

जिलों में सख्त निगरानी, बड़ी बरामदगियां

गुरुग्राम पुलिस ने 69 हॉटस्पॉट्स पर कार्रवाई करते हुए 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 14 हिंसक अपराधी शामिल हैं। यहां से 30,950 रुपये की संदिग्ध नकदी भी बरामद की गई। अम्बाला में अवैध आपूर्ति के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 35 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि कुरुक्षेत्र पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 4.6 किलोग्राम अफीम की भूसी बरामद की।

 

नशा, अवैध शराब और हथियारों पर करारा वार 

अभियान के दौरान हरियाणा पुलिस ने अपराधियों की कुल 71,710 रुपये की नकदी जब्त की। शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में 72 बीयर बोतलें, 2,392 अंग्रेजी शराब की बोतलें, 460 देसी शराब की बोतलें, 99 लीटर अवैध शराब और 518 लीटर लाहन बरामद की गई।

 

नशा मुक्त हरियाणा के तहत पुलिस ने 4.27 किलोग्राम गांजा, 48 ग्राम हेरोइन, 23 ग्राम स्मैक, 4.6 किलोग्राम अफीम की भूसी और 1.5 किलोग्राम चरस जब्त की। इसके अतिरिक्त 4 देसी कट्टे, 1 पिस्टल, 1 राइफल, 7 जिंदा कारतूस, 1 कार, 2 मोटरसाइकिल और 1 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

 

सेवा, संवेदना और खुफिया सतर्कता का संगम 

कानून-व्यवस्था के साथ-साथ हरियाणा पुलिस ने मानवीय जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। अभियान के दौरान 572 जरूरतमंद और विपत्तिग्रस्त लोगों को सहायता प्रदान की गई, जिनमें सबसे अधिक 205 लोग गुरुग्राम से रहे। खुफिया तंत्र को सशक्त करते हुए पुलिस ने पड़ोसी राज्यों के साथ 20 महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस रिपोर्ट साझा कीं और विदेश भागने की फिराक में लगे अपराधियों के खिलाफ 2 लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किए।

 

साइबर अपराध पर भी सख्त शिकंजा

“ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ भी निर्णायक कार्रवाई की गई। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर 24 घंटे में प्राप्त 244 शिकायतों में लगभग 1.99 करोड़ रुपये की ठगी की सूचना मिली। त्वरित तकनीकी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 75.21 लाख रुपये (करीब 37.8 प्रतिशत) की राशि समय रहते फ्रीज कर दी। इस दौरान 13 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 2.55 लाख रुपये से अधिक की राशि पीड़ितों को रिफंड कराई गई।

 

साइबर ठगी के मामलों में बड़ी कामयाबी 

वर्क फ्रॉम होम और डिजिटल निवेश के नाम पर ठगी के एक मामले में बल्लभगढ़ साइबर थाना पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, क्यूआर कोड के जरिए ठगी के एक अन्य मामले में उत्तर प्रदेश से तीन आरोपियों—आसिफ, समीर और गौरव—को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही पंचकूला पुलिस की एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नोएडा, कानपुर और पश्चिम बंगाल तक फैले नेटवर्क को ध्वस्त किया और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए।

 

सख्त संदेश : अपराध के लिए कोई जगह नहीं 

यह समग्र और बहुआयामी कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि हरियाणा पुलिस अपराध, नशा, साइबर ठगी और धोखाधड़ी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी मजबूती से काम कर रही है। सुरक्षा, सेवा और सहयोग के संतुलन के साथ हरियाणा पुलिस राज्य को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh