Follow

कांग्रेस विधायक दल ने हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के लिए कसी कमर

बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, पेंशन, राशन कार्ड, नौकरियों, मुआवजे व आर्थिक बदहाली समेत आम जन से जुड़े तमाम मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी कांग्रेस : हुड्डा

25 तारीख को मनरेगा में बदलाव के खिलाफ होगा विधानसभा घेराव : राव नरेंद्र

न्यूज़म ब्यूरो

 

चंडीगढ़, 19 फरवरी। हरियाणा विधानसभा के आगामी बजट सत्र के लिए कांग्रेस विधायकों ने कमर कस ली है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में आज कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र भी मौजूद रहे। इसमें विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उठाए जाने वाले तमाम मुद्दों पर विस्तार से तीन घंटे चर्चा कर रणनीति बनाई गई।

Advertisement

 

बैठक के बाद हुड्डा ने पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस विधानसभा में आम जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार से जवाब मांगेगी। कांग्रेस विधायकों ने स्थगन और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिए हैं। अपने-अपने हलकों के लिए भी विधायकों ने तमाम प्रश्न लगाए हुए हैं।

 

कांग्रेस विधायक बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, फिरौती वसूली, नशा, पलायन, टोल वसूली, खेल व खिलाड़ी, धान घोटाला,परिवार पहचान पत्र, खाद के बढ़ते रेट, अमेरिका से ट्रेड डील, बुजुर्गों की पेंशन काटने, गरीबों के राशन कार्ड काटने, HPSC भर्तियों में धांधली, हरियाणा की नौकरियां बाहरियों को देने, किसानों के बकाया मुआवजे, जलभराव, एसवाईएल, चंडीगढ़, विपक्ष के विधायक पर दर्ज केस, अवैध माइनिंग, भ्रष्टाचार, प्रदेश की आर्थिक बदहाली और बढ़ती महंगाई, विभिन्न विभागो में हुए घोटालो समेत तमाम मुद्दों को उठाएंगे। 

Special Offer
ADVERTISEMENT
 

हुड्डा ने बताया कि 24 तारीख को कांग्रेस विधायक तमाम मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और मार्च निकालते हुए विधानसभा में जाएंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने बताया कि 25 तारीख को कांग्रेस के तमाम विधायक, वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मनरेगा में बदलाव के खिलाफ विधानसभा घेराव करेंगे।

 

बाहरियों को नौकरी देने बारे पूछे गए सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि बीजेपी हरियाणवी युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात कर रही है। देश में कोई भी ऐसा प्रदेश नहीं है, जो अपनी नौकरियों में स्थानीय युवाओं की बजाए, बाहरी लोगों को तरजीह देता हो।

 

हरियाणा में तो आलम ये है कि बीजेपी सरकार 80 में से 78 पद अन्य राज्य के लोगों को दे देती है। HPSC की मनमानी नाकाबिल-ए-बर्दाश्त है। कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।

 

हरियाणा के बहुत सारे प्रतिनिधिमंडलो द्वारा अपनी समस्याओं को लेकर दिये गए ज्ञापनों पर भी चर्चा हुई। कौन सा विधायक कौन से मुद्दे को उठाएगा और गवर्नर एड्रेस पर चर्चा की शुरुआत का जिम्मा विधायक अशोक अरोड़ा को देने का फैसला किया गया।

इससे पहले विधायकों की बैठक में पूर्व मंत्री हरमोहिंदर सिंह चठ्ठा की धर्मपत्नी और पिहोवा से विधायक मनदीप सिंह चट्ठा की माताजी स्व. श्रीमती निर्मलदीप चठ्ठा, शाहबाद से विधायक रामकरण काला के भाई स्व. केसर सिंह एवं पूर्व विधायक स्व. आनंद कौशिक, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता के बड़े भाई परवीन गुप्ता के निधन पर मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh