न्यूज़म ब्यूरो
बीकानेर, 3 सितंबर।
राजस्थान के बीकानेर में नगर निगम चुनाव को लेकर चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल को कुछ लोगों ने घेरकर पीट दिया। घटना बुधवार को उस समय हुई, जब मेघवाल वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस उम्मीदवार नवरतन डागा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन में पहुंचे थे।
बताया गया कि कुछ लोगों ने उन्हें बाहर बुलाया और स्वागत करने के बहाने घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने मेघवाल को जमकर मुक्के और थप्पड़ मारे और मौके से फरार हो गए।
निगम चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर चल रही है नाराजगी
बीकानेर में निगम चुनाव को लेकर उम्मीदवारों को टिकट बांटने का काम चल रहा है। इसी को लेकर कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में असंतोष बताया जा रहा है।
बुधवार को जब पूर्व आईपीएस अधिकारी मेघवाल वार्ड नंबर 50 में थे, तब मोहित अरोड़ा नाम के कार्यकर्ता ने उन्हें स्वागत के लिए बाहर बुलाया। तभी बाहर खड़े कुछ लोग उन पर टूट पड़े। बाद में आसपास खड़े लोगों ने उन्हें बचाया।
मोहित वार्ड से टिकट मांग रहे थे, लेकिन उनकी जगह नवरतन डागा को टिकट दिया गया है।
मेघवाल पर गंभीर आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेघवाल पर पार्टी की ओर से जारी अधिकृत सिंबल में फेरबदल कर अपने चहेते उम्मीदवारों को डुप्लीकेट सिंबल जारी करने का आरोप लगाया है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिन उम्मीदवारों को अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर उनके नाम सिंबल जारी किए थे, उनमें मेघवाल ने बदलाव किया है।
आरोप है कि मूल सिंबल के स्थान पर डुप्लीकेट सिंबल कुछ अन्य लोगों को दे दिए गए हैं। इसी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
