Follow

मुख्य सचिव यू.टी. चंडीगढ़ एच. राजेश प्रसाद की अध्यक्षता में हुई चंडीगढ़ हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी की 26वीं बैठक

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 20 जनवरी 2026 : चंडीगढ़ हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी (CHCC) की 26वीं बैठक आज मुख्य सचिव, यू.टी. चंडीगढ़ एच. राजेश प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राजीव कुमार मेहता, मुख्य वास्तुकार-सह-सदस्य संयोजक ने समग्र विकास योजना (Holistic Development Plan) की उत्पत्ति, अब तक किए गए प्रयासों तथा बैठक आयोजित किए जाने से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

समिति को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय परिसर की समग्र विकास योजना के संबंध में अवगत कराया गया, जिसमें समय-समय पर माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी भी शामिल थी। यह भी बताया गया कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में एक परामर्शदाता नियुक्त किया गया है तथा संकल्पनात्मक डिजाइन प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

Advertisement

परियोजना के परामर्शदाता मैसर्स डिजाइन एसोसिएट्स, नोएडा द्वारा संकल्पनात्मक प्रस्ताव पर प्रस्तुति दी गई, जिसमें विरासत-संवेदनशील योजना, आउटस्टैंडिंग यूनिवर्सल वैल्यू (OUV) की सुरक्षा, आईकोमोस दिशानिर्देशों का अनुपालन तथा खुले स्थानों एवं अवसंरचना के एकीकृत विकास पर प्रकाश डाला गया।

चर्चा के दौरान सदस्यों ने कैपिटल कॉम्प्लेक्स की पवित्रता बनाए रखने, हेरिटेज इम्पैक्ट असेसमेंट (HIA) सुनिश्चित करने, पर्यावरणीय स्वीकृतियां प्राप्त करने तथा यूनेस्को मानकों के पूर्ण अनुपालन पर बल दिया।

अध्यक्ष ने सदस्यों द्वारा व्यक्त विचारों की सराहना करते हुए बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में प्रस्ताव को 20.01.2026 तक भारत सरकार के माध्यम से फाउंडेशन ले कॉर्बुज़िए, पेरिस को भेजा जाएगा।

यह भी दोहराया गया कि परियोजना के क्रियान्वयन से पूर्व सभी वैधानिक अनुमोदन, विरासत स्वीकृतियां एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियां प्राप्त की जाएंगी।

बैठक में मंदीप सिंह बराड़, गृह सचिव-सह-सचिव संस्कृति यू.टी. चंडीगढ़; दिप्रवा लकड़ा, वित्त सचिव; अमित कुमार, आयुक्त नगर निगम चंडीगढ़; निशांत कुमार यादव, उपायुक्त-सह-एस्टेट अधिकारी यू.टी. चंडीगढ़; सोराब अरोड़ा, निदेशक सांस्कृतिक कार्य; सी.बी. ओझा, मुख्य अभियंता यू.टी. चंडीगढ़; एम.एल. सरीन, अधिवक्ता; सुमित कौर, पूर्व मुख्य वास्तुकार; डॉ. आई.सी. स्याल, प्रैक्टिसिंग स्ट्रक्चरल इंजीनियर; दिलमीत ग्रेवाल, वास्तुकार; भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण चंडीगढ़ सर्किल से एम.के. जोशी एवं एम.सी. शर्मा; चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर के प्राचार्य तथा वरिष्ठ स्थायी अधिवक्ता, यू.टी. चंडीगढ़ उपस्थित रहे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh