Follow

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मुख्यम्नत्री ने इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक हब के नवनिर्मित रेल यार्ड से मालगाड़ी की रवाना

हरियाणा में खुलेगा औद्योगिक विकास और रोजगार का नया रास्ता : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सीधे पश्चिमी बंदरगाहों से जुड़ेगा एनसीआर, माल ढुलाई होगी आसान और तेज

न्यूज़म ब्यूरो

महेंद्रगढ़, 23 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जिला महेंद्रगढ़ के नांगल चौधरी क्षेत्र में स्थित इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक हब (आईएमएलएच) के नवनिर्मित रेल यार्ड से पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 280 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस रेलवे कनेक्टिविटी के शुरू होने से हरियाणा के लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।  इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव उपस्थित रहे।

Advertisement

इस अवसर मुख्यमंत्री ने पर कहा कि यह शुरुआत हरियाणा को देश के शीर्ष लॉजिस्टिक्स नेटवर्क में स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में करीब 408 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही यह परियोजना कुल 1300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है। यह देश की शीर्ष 50 प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है। इस परियोजना के पूरी तरह तैयार होने के बाद सालाना लगभग 20 लाख कंटेनरों के प्रबंधन की क्षमता विकसित होगी, जिससे ऑटोमोबाइल, मशीनरी, गारमेंट्स और कृषि उत्पादों जैसे प्रमुख उद्योगों को सीधा फायदा पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नांगल चौधरी का यह हब रेल और सड़क दोनों संपर्कों को आपस में जोड़ता है, जिससे पश्चिमी बंदरगाहों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तक माल की आवाजाही पहले से कहीं अधिक तेज, सुगम और किफायती होगी। उन्होंने कहा कि इस हब के संचालन से पूरे इलाके में रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर खुलेंगे। सरकार ने इस पूरे क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहले ही पूरी कर दी हैं।

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों से आह्वान किया कि वे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत आगे आएं और हरियाणा की इस तीव्र औद्योगिक यात्रा में भागीदार बनें। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम तथा रेल मंत्रालय के उपक्रम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ अभय सिंह यादव, एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक सुशील सारवान, मनीष अवस्थी, जितेंद्र श्रीवास्तव, विवेक त्यागी के अलावा अन्य नागरिक मौजूद थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh