Follow

गौशालाओं में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का सख्ती से पालन और 24 घंटे गतिविधियों एवं रख-रखाव की नियमित समीक्षा की जाए : एच. राजेश प्रसाद

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़ : यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने आज रायपुर कलां स्थित गौशालाओं, औद्योगिक क्षेत्र चंडीगढ़ स्थित दो गौशालाओं, इन्सिनरेटर तथा रायपुर कलां स्थित एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंश एवं कुत्तों की देखभाल, रख-रखाव तथा कल्याण हेतु उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की समीक्षा की।

मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने गौशालाओं में शेल्टर व्यवस्था, स्वच्छता, हरे एवं सूखे चारे की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल, पशु चिकित्सा सेवाएं, अपशिष्ट प्रबंधन तथा समग्र रख-रखाव का व्यापक आकलन किया। उन्होंने वहां तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बातचीत की तथा कार्यप्रणाली में निगरानी एवं पारदर्शिता को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

Advertisement

 

एच. राजेश प्रसाद ने बताया कि वर्तमान में चंडीगढ़ की गौशालाओं में लगभग 1,000 गायें रखी गई हैं तथा उनके समुचित आवास, चारे एवं पेयजल की सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गौशाला में स्थापित इन्सिनरेटर तकनीकी खराबी के कारण कुछ दिनों से कार्यशील नहीं था, जिसकी तत्काल मरम्मत संभव नहीं हो सकी, हालांकि इस समस्या का समाधान किया जा रहा है और इन्सिनरेटर को शीघ्र ही चालू कर दिया जाएगा।

प्रभावी प्रबंधन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में तैनात समस्त मानव संसाधन, जिनमें पशु चिकित्सक एवं सहायक स्टाफ शामिल हैं, का विवरण तथा उनकी दैनिक ड्यूटी रोस्टर प्रत्येक गौशाला में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने हरे एवं सूखे चारे की दैनिक उपलब्धता एवं खपत से संबंधित जानकारी दर्शाने हेतु पृथक डिस्प्ले बोर्ड स्थापित करने के भी निर्देश दिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और नियमित निगरानी संभव हो सके।

 

मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने यह भी निर्देश दिए कि गौशालाओं में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का सख्ती से पालन किया जाए तथा चौबीसों घंटे गतिविधियों एवं रख-रखाव की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने गौशालाओं को हर समय स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्थिति में बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश भी दिए।

इसके अलावा, उन्होंने निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में असमतल क्षेत्रों को उचित ढलान को ध्यान में रखते हुए समतल किया जाए, ताकि जल निकासी सुचारू रूप से हो सके और स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनी रहे।

 

पशु कल्याण के प्रति चंडीगढ़ प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि नियमित निरीक्षण, निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन तथा बुनियादी ढांचे का समय पर रख-रखाव सुनिश्चित कर गौशालाओं के सुचारू एवं मानवीय संचालन को निरंतर बनाए रखा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद के साथ मंदीप सिंह बराड़, गृह सचिव, यूटी चंडीगढ़ अमित कुमार आयुक्त, नगर निगम चंडीगढ़; प्रदीप कुमार सचिव पशुपालन सह विशेष आयुक्त, नगर निगम चंडीगढ़ सहित चंडीगढ़ प्रशासन एवं नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh