राहुल गांधी के देहरादून कार्यक्रम को अनुमति न देना युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा देशभर के छात्रों और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम को भाजपा सरकार द्वारा अनुमति न देना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। यह निर्णय स्पष्ट करता है कि भाजपा सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का काम कर रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह कोई राजनीतिक रैली या चुनावी कार्यक्रम नहीं था, बल्कि देश के छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और बेरोजगार अभ्यर्थियों की पीड़ा सुनने तथा उनके भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर संवाद स्थापित करने का एक लोकतांत्रिक प्रयास था। दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार ने इस संवाद से भी परहेज किया और अनुमति देने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि देश में अब तक लगभग 80 पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनके कारण करीब दो करोड़ युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले लाखों युवाओं के सपने भ्रष्ट व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के अभाव की भेंट चढ़ गए हैं। आज बेरोजगारी देश के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर संकट का समाधान करने के बजाय वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने में लगी हुई है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के अवसरों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी। यह संघर्ष केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संसद के भीतर और बाहर हर मंच पर जारी रहेगा, ताकि देश के युवाओं को न्याय मिल सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रशासनिक प्रतिबंधों के जरिए हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता। देश का युवा आज जागरूक है और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना जानता है। कांग्रेस युवाओं की इस आवाज को और बुलंद करेगी तथा उसे न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।