न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 3 अगस्त। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, यू.टी. चंडीगढ़ शाखा निशांत कुमार यादव ने हाल ही में सेक्टर-17 स्थित उपायुक्त कार्यालय परिसर में विकसित “रेड क्रॉस पंछी बसेरा” के विस्तार कार्य की समीक्षा की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त-सह-सचिव, रेड क्रॉस अमनदीप सिंह भट्टी रेड क्रॉस की नोडल अधिकारी पूनम मलिक तथा उपायुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
यह पहल पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ स्थित इन्फोसिस रेड क्रॉस सराय से शुरू किए गए पक्षी कल्याण कार्यक्रम का विस्तार है, जिसे रेड क्रॉस की नोडल अधिकारी के प्रयासों से आगे बढ़ाया गया है। उपायुक्त एवं रेड क्रॉस के अध्यक्ष तथा अतिरिक्त उपायुक्त एवं सचिव ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य शहर भर में पक्षियों के लिए सुरक्षित घोंसले, भोजन तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर निशांत कुमार यादव ने कहा कि इस नई स्थापना के साथ चंडीगढ़ रेड क्रॉस पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार के “पंछी बसेरा” रैन बसेरा, सेक्टर-17, हॉस्पिस, सेक्टर-43 तथा शहर के अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी विकसित किए जाएंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।