Follow

किसानों का बड़ा ऐलान, 17 सितंबर को पंजाब के 5 जिलों में रेल रोको आंदोलन; सरकार को बातचीत के लिए दिया अल्टीमेटम

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि 17 सितंबर दोपहर 12 बजे तक सरकार ने बातचीत शुरू नहीं की तो गुरदासपुर, अमृतसर, मोगा, फिरोजपुर और संगरूर में रेलवे ट्रैक जाम किए जाएंगे

राहुल गुप्ता
चंडीगढ़, 16 सितंबर।

पंजाब सरकार की ओर से किसानों और मजदूरों की मांगों पर बातचीत शुरू नहीं किए जाने से नाराज किसान-मजदूर मोर्चा ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बुधवार को कहा कि अगर सरकार ने बातचीत के जरिए मांगों का समाधान निकालने की पहल नहीं की तो 17 सितंबर को पंजाब के पांच जिलों में ‘रेल रोको’ आंदोलन किया जाएगा।

पंधेर के मुताबिक, किसान-मजदूर मोर्चा के पंजाब चैप्टर की बैठक में यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक बातचीत शुरू करने का समय दिया गया है।

पांच जिलों में जाम किए जाएंगे रेलवे ट्रैक

सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे किसान रेलवे ट्रैक के पास पहुंचेंगे। अगर इससे पहले सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव आता है और मांगों पर गंभीर चर्चा शुरू होती है तो आंदोलन के फैसले पर पुनर्विचार किया जा सकता है। अन्यथा किसान रेलवे ट्रैक जाम कर विरोध दर्ज कराएंगे।

Advertisement

प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन के तहत गुरदासपुर, अमृतसर, मोगा, फिरोजपुर और संगरूर में रेलवे ट्रैक जाम किए जाने की बात कही गई है। पंधेर ने कहा कि किसानों की ओर से पहले ही मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन सरकार की ओर से बातचीत के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

9 जगहों पर किसानों का धरना जारी

किसान नेता ने दावा किया कि 31 अगस्त के बाद से मंत्रियों के आवास समेत कुल नौ जगहों पर धरना प्रदर्शन चल रहा है। उनके मुताबिक, पिछले तीन दिनों से ये धरने लगातार जारी हैं, लेकिन सरकार की ओर से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई पहल नहीं की गई है।

रेल रोको से परेशानी पर क्या बोले पंधेर?

आम लोगों को रेल रोको आंदोलन से होने वाली परेशानी के सवाल पर पंधेर ने कहा कि रेलवे रोकना किसानों की जिद या अहंकार का विषय नहीं है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के कारण किसानों को यह कदम उठाना पड़ रहा है और आंदोलन किसानों तथा मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।

‘किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे’

प्रशासन की संभावित कार्रवाई और हिरासत में लिए जाने के सवाल पर पंधेर ने कहा कि किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार किसानों की बात सुनकर बातचीत करती है तो स्थिति को टाला जा सकता है। वहीं, अगर सरकार आंदोलनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करती है तो इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

किसान-मजदूर मोर्चा ने फिलहाल 17 सितंबर को रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया है। 18 सितंबर को होने वाली अगली बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति और इसे अन्य स्थानों तक विस्तार देने को लेकर फैसला लिया जाएगा।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh