आदिवासी विकास के लिए होंगे विभिन्न कार्यक्रम; मुंबई उपनगर में पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य : मंत्री आशीष शेलार
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 12 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र सरकार की ओर से 11 से 18 नवंबर तक राज्यभर में गौरव दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह जानकारी सांस्कृतिक कार्य मंत्री एवं मुंबई उपनगर के पालकमंत्री एड. आशीष शेलार ने दी।
15 नवंबर को राज्यस्तरीय कार्यक्रम
सप्ताह के दौरान 13 नवंबर को लाभार्थियों को न्यूक्लियस बजट योजना के चेक वितरित किए जाएंगे। 14 नवंबर को स्मारकों की सफाई और दीपोत्सव, जबकि 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती पर गढ़चिरौली में राज्यस्तरीय कार्यक्रम होगा। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। 16 नवंबर को सरकारी दस्तावेजों के लिए सेवा शिविर, 17 नवंबर को स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता शिविर और 18 नवंबर को आदिवासी सशक्तीकरण दिवस मनाया जाएगा।
आदिवासी विद्यार्थियों और महिलाओं के लिए योजनाएं
शेलार ने बताया कि पिछले दो वर्षों में आदिवासी आश्रमशालाओं में तीन हजार से अधिक संविदा शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, वीर रघोजी भांगरे छात्रवृत्ति और सभी जिलों में प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए गए हैं। आदिवासी महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए रानी दुर्गावती महिला सशक्तीकरण योजना भी शुरू की गई है। कोलाम, कातकरी, माडिया और पारधी समुदायों के विकास के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं।
मुंबई उपनगर में पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
पर्यावरण समीक्षा बैठक में शेलार ने बताया कि मुंबई उपनगर जिले में पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक 2 लाख 12 हजार 390 पौधे लगाए जा चुके हैं। इनमें संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में 1.60 लाख, आरे में 20 हजार और राज्य रिजर्व पुलिस बल परिसर में पांच हजार पौधे शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए मियावाकी पद्धति, जियो मैपिंग और नियमित निगरानी का सहारा लिया जा रहा है। राज्य सरकार ने अगले 20 वर्षों में 300 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान में नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
