Follow

शोले के वीरू की तर्ज पर बसंती आई एक्शन में

Listen to this article

मेरठ। बॉलीवुड फिल्म शोले का मशहूर सीन…जिसमें वीरू बसंती से शादी के लिए पानी की टंकी पर चढ़ जाता है। शुक्रवार को यह सीन मेरठ में हकीकत बन गया। फर्क सिर्फ इतना था कि इस बार वीरू नहीं, बल्कि बसंती खुद हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गई।

मामला दौराला थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर अचानक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि युवती की दोस्ती पड़ोस के गांव के एक युवक से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोस्ती प्यार में बदली और युवती शादी करना चाहती थी, लेकिन दोनों परिवारों की सहमति नहीं बन पा रही थी।

परिवार की नाराजगी से आहत युवती ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। जैसे ही ग्रामीणों ने युवती को टावर पर चढ़ते देखा, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत, पुलिस की सूझबूझ और ग्रामीणों के सहयोग से आखिरकार युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। दौराला थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि युवती की काउंसलिंग की जा रही है और दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर बातचीत कराई जा रही है।

Advertisement

फिलहाल मामला शांत है, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में फिल्मी अंदाज में गूंज बिखेर दी है।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh