Follow

आर्थिक विकास के साथ आध्यात्मिक मूल्यों को भी सशक्त कर रही हरियाणा सरकार : मुख्यमंत्री सैनी

Listen to this article

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी के गोकलपुरा आश्रम के कार्यक्रम में की शिरकत

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

चंडीगढ़, 2 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा संतों और वीरों की भूमि है, जिसकी संस्कृति में सेवा, त्याग और धर्म का विशेष स्थान है। हरियाणा सरकार अपनी संस्कृति के अनुरूप प्रदेश में आर्थिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक व आध्यात्मिक मूल्यों को भी सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात शनिवार को रेवाड़ी के गोकलपुरा शिव मंदिर आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक व आध्यात्मिक मूल्यों के विकास के लिए सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को तीर्थस्थलों की यात्रा करवाने सहित अन्य कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गोकलपुरा का प्राचीन शिव मंदिर आश्रम हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं का जीवंत केंद्र है। महाभारत काल में निर्मित हुआ यहां का प्राचीन शिव मंदिर हमारे गौरवशाली अतीत का साक्षी है। उन्होंने आश्रम में करवाए जा रहे तीन दिवसीय महारूद्री यज्ञ और विशाल भंडारे के आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज को जोड़ने वाला तथा सेवा व समर्पण का प्रतीक बताया।

Special Offer
ADVERTISEMENT

उन्होंने स्वामी धीरज गिरी महाराज द्वारा चलाए जा रहे पशु अस्पताल व गौसेवा के कार्यों, गरीब व बेसहारा कन्याओं के विवाह तथा गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों को भी मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए उनकी सराहना की।

नायब सिंह सैनी ने बताया कि 2014 में जब हरियाणा में भाजपा सरकार बनी थी, तब  गौसेवा व गौ-संरक्षण के लिए दो करोड़ रुपये का  बजट  था। जिसे बढ़ाकर  600 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौवंश के संरक्षण के लिए गौशालाओं व नंदीशालाओं को निरंतर आर्थिक मदद दी जा रही है। उन्होंने स्वामी धीरज गिरी महाराज से आग्रह किया कि वे आश्रम द्वारा संचालित गौशाला का पंजीकरण करवाएं, ताकि गौशाला को सरकारी मदद दी जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में भंडारा सेवा, समर्पण और समानता का जीवंत प्रतीक है। भंडारे की परंपरा हमें ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना से भी जोड़ती है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री का दायित्व संभालने के बाद से नरेंद्र मोदी सनातन धर्म का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर करोड़ों देशवासियों का संकल्प पूरा किया। इसके अलावा उन्होंने सोमनाथ, केदारनाथ, बद्रीनाथ और काशी विश्वनाथ जैसे प्रमुख हिंदू तीर्थस्थलों का विकास और जीर्णोंद्धार करवाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में, इसी भावना के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं  के लिए ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ शुरू की गई है। इसके तहत बसों व ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रयागराज में महाकुंभ तथा अयोध्या धाम आदि की यात्रा करवाई गई है।

हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि साल 2014 में भाजपा सरकार बनने के बाद अहीरवाल के युवाओं को सबसे ज्यादा नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि आज दक्षिण हरियाणा के इस इलाके में लॉजिस्टिक हब, यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज, नेशनल हाईवे और एलिवेटेड रोड बनाए गए हैं जिनके कारण यह क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। अहीरवाल के इस इलाके की आज चारों तरफ से कनेक्टिविटी हो गई है, जिसके कारण आज यहां उद्योग जगत भी फल-फूल रहा है।

इस मौके पर स्वामी धीरज गिरी महाराज, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, जिला प्रभारी नसीम अहमद, पूर्व विधायक रणधीर कापड़ीवास, संदीप हिंदुस्तानी, मुकेश कापड़ीवास तथा गोकलपुरा के सरपंच अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh