प्रयागराज महाकुंभ में दो धड़ों में बंटी परिषद के बीच खत्म हुआ गतिरोध; जूना अखाड़ा रहा सम्मेलन से दूर, संतों ने भव्य कुंभ आयोजन का लिया संकल्प
न्यूज़म ब्यूरो
नासिक, 16 नवंबर। नासिक कुंभ 2027 से पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद में लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त होने के संकेत मिले हैं। प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान दो गुटों में बंटी अखाड़ा परिषद के दोनों धड़े अब एक मंच पर आ गए हैं। रविवार, 15 नवंबर को भगवान कार्तिकेय जयंती के अवसर पर हरिद्वार के निरंजनी अखाड़े में आयोजित संत सम्मेलन में दोनों परिषदों के अध्यक्षों सहित 12 अखाड़ों के संतों ने एकजुटता दिखाई। संतों ने आगामी हरिद्वार, नासिक और उज्जैन कुंभ को भव्य और दिव्य बनाने के लिए मिलकर काम करने की घोषणा की। हालांकि, जूना अखाड़ा इस सम्मेलन में शामिल नहीं हुआ।
प्रयागराज महाकुंभ में दो गुटों में बंटी थी परिषद
प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद में नेतृत्व को लेकर विवाद गहरा गया था। इसके बाद परिषद दो अलग-अलग धड़ों में बंट गई। एक गुट की अगुवाई निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी कर रहे थे, जबकि दूसरे गुट का नेतृत्व महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी के पास बताया गया। दोनों पक्ष अपने साथ आठ-आठ अखाड़ों का समर्थन होने का दावा करते रहे। इस विभाजन के कारण परिषद की वैधता और प्रतिनिधित्व को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
दोनों गुटों के अध्यक्ष एक साथ आए
हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों के बीच रविवार को दोनों गुटों के अध्यक्ष एक ही मंच पर नजर आए। सम्मेलन में 13 में से 12 अखाड़ों के साधु-संतों की मौजूदगी को संत समाज में एकजुटता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जूना अखाड़े की अनुपस्थिति के बावजूद संतों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही वह भी साझा मंच का हिस्सा बनेगा।
कुंभ को भव्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री से मिलेंगे संत
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि अखाड़े कभी अलग नहीं होते। सरकार और कुंभ आयोजन से जुड़े विषयों पर सभी अखाड़े एकजुट रहते हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन, नासिक और हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेलों में सभी अखाड़े एक साथ नजर आएंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसी भी अखाड़े को अलग नहीं माना है। हरिद्वार कुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए जल्द ही सभी अखाड़ों के संत मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे।
मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं : करौली शंकर महाराज
अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि अखाड़े कभी अलग नहीं थे और न ही अलग होंगे। सभी अखाड़े पहले भी एक थे, आज भी एक हैं और आगे भी एक रहेंगे। उन्होंने कहा कि अखाड़ों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होते। सभी संत मिलकर हरिद्वार कुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए काम करेंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
