गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार नवरात्रि अष्टमी तिथि की रात में होता है हवन
आरती के साथ पूर्ण हुआ अष्टमी तिथि का अनुष्ठान
न्यूज़म ब्यूरो
गोरखपुर, 26 मार्च। चैत्र (वासंतिक) नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार रात गोरखनाथ मंदिर स्थित शक्तिपीठ में विधि विधान से मां महागौरी की पूजा अर्चना की।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार हवन व आरती के साथ मुख्यमंत्री ने अनुष्ठान पूर्ण किया और मां आदिशक्ति जगतजननी से प्रदेशवासियों के मंगल की प्रार्थना की।

वासंतिक नवरात्रि के पहले ही दिन से गोरखनाथ मंदिर में देवी आदिशक्ति भगवती के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा अर्चना का क्रम जारी है।

बुधवार को गोरखपुर आए गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर गुरुवार रात मां महागौरी की विधि विधान से आराधना की।

इसके बाद उन्होंने गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार अष्टमी का हवन किया। आरती व प्रसाद वितरण के साथ यह आराधना पूर्ण हुई।

आनुष्ठानिक कार्य गोरक्षपीठ के पुरोहितों व आचार्यों के साथ वेदपाठी विद्यार्थियों ने सम्पन्न कराया।