22 वर्षीय जुगुनू कश्यप ने परिजनों की चेतावनी के बावजूद पानी में लगाई छलांग, गहराई का अंदाजा नहीं होने से डूबने की आशंका; एनडीआरएफ की मदद मांगी गई
राहुल गुप्ता
डोंबिवली, 16 नवंबर। छठ पूजा के दौरान डोंबिवली के दावड़ी तालाब में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत की आशंका है। युवक रविवार शाम अपने भाई-बहनों के साथ पूजा के लिए तालाब के पास पहुंचा था। परिजनों ने उसे पानी में उतरने से मना किया था, लेकिन वह तालाब में कूद गया। देर शाम तक उसका शव बरामद नहीं हो सका था।
मृतक की पहचान जुगुनू कश्यप के रूप में हुई है। वह डोंबिवली पूर्व का रहने वाला था। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक को तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था। पानी में उतरने के कुछ ही देर बाद वह डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अंधेरा और गहराई बनी तलाश में बाधा
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश अभियान शुरू किया गया। हालांकि, अंधेरा और पानी की अधिक गहराई होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई।
कल्याण ग्रामीण के विधायक राजेश मोरे ने शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की सहायता मांगी। उन्होंने ठाणे जिला प्रशासन से भी संपर्क किया।
छठ घाट पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना होने के बावजूद वहां लाइफगार्ड और दमकल कर्मियों की पर्याप्त तैनाती नहीं थी। इस घटना के बाद सार्वजनिक जलाशयों पर त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
