यूटी चंडीगढ़ प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल ने प्रथम चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय मैराथन के लिए प्राप्त की टी-शर्ट
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 28 फरवरी। पहली मार्च 2026 को आयोजित होने जा रही प्रथम चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय मैराथन के लिए उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज लोक भवन, पंजाब में खेल विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों से मैराथन की आधिकारिक टी-शर्ट प्राप्त की। राज्यपाल को प्रतीकात्मक रूप से टी-शर्ट संख्या 1 भेंट की गई, जो नेतृत्व और खेल भावना के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इस अवसर पर यूटी चंडीगढ़ के गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ की उपस्थिति में खेल सचिव चंडीगढ़ प्रेरणा पुरी तथा खेल निदेशक सौरभ अरोड़ा द्वारा टी-शर्ट भेंट की गई।

गवर्नर गुलाब चंद कटारिया अपनी धर्मपत्नी अनीता कटारिया के साथ 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ में भाग लेंगे, जिससे नागरिकों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
“Run • Rise • Repeat” थीम पर आधारित यह मैराथन सभी आयु वर्ग के लोगों को फिटनेस, दृढ़ता और संकल्प को अपनाने के लिए प्रेरित करने का उद्देश्य रखती है।
यह आयोजन रविवार प्रातः 7:00 बजे चंडीगढ़ क्लब सेक्टर-1 चंडीगढ़ से प्रारंभ होगा। प्रतिभागी निम्नलिखित चार प्रमुख श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे:
42.19 किमी | 21.09 किमी | 10 किमी | 5 किमी
प्रथम चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय मैराथन का आयोजन खेल विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्रभर से खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की अपेक्षा है।