आरोपी ने पैसे शेयर ट्रेडिंग में गंवाए, 1 दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ जारी
न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला। जिला पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने धोखाधड़ी और अमानत में ख्यानत के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आरोपी अमित अर्जन मीरचंदानी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी ने सेक्टर-7 निवासी एक व्यवसायी को मुंबई के एक आलीशान हाउसिंग प्रोजेक्ट में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर लगभग 1.50 करोड़ रुपये की ठगी की थी। आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से गहन पूछताछ और साक्ष्यों की बरामदगी के लिए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पंचकूलावासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरोपी अमित अर्जन मीरचंदानी से उनकी मुलाकात सेक्टर-10 स्थित एक जिम में हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए दावा किया कि उसने मुंबई में मीरचंदानी ट्राइटन नामक एक हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसमें निवेश करने पर 40 से 50 गुना रिटर्न की गारंटी दी गई। विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने पीड़ित परिवार को अपने घर पर पर बुलाया और फर्जी ब्रोशर दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित किया।
आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित व उनके परिवार ने सितंबर 2024 से दिसंबर 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 1,48,50,000 रुपये का निवेश किया। विश्वास बनाए रखने के लिए आरोपी ने शुरू में 26 लाख रुपये वापस भी किए, लेकिन जब मुनाफे की बारी आई, तो उसने पीड़ित को 69 करोड़ रुपये का एक चेक और परिवार के अन्य सदस्यों को 28 करोड़ व 8 करोड़ रुपये के चेक थमा दिए। जब ये चेक बैंक में लगाए गए, तो आरोपी ने चालाकी से ‘पेमेंट स्टॉप’ करवा दिया, जिससे सभी चेक बाउंस हो गए। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने पीड़ित को जान से मारने की धमकियां दीं।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर 7 मई, 2025 को थाना सैक्टर-7 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 61 के तहत मामला दर्ज किया गया।
आर्थिक अपराध शाखा इन्चार्ज इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार द्वारा की गई जांच के दौरान बैंक रिकॉर्ड खंगाले गए और साक्ष्य जुटाए गए। आरोपी को 25 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने धोखाधड़ी की राशि को शेयर ट्रेडिंग में गंवा दिया है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर 1 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। इस दौरान पुलिस आरोपी के घर से वह आईफोन बरामद करेगी जिससे फर्जी ब्रोशर भेजे गए थे, साथ ही जीरकपुर स्थित उसकी फर्जी ट्रेडिंग फर्म ‘अमित मीरचंदानी शेयर ट्रेडिंग’ के ठिकानों की निशानदेही की जाएगी।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता : हमारी जांच में यह भी सामने आया है कि अमित अर्जन मीरचंदानी के खिलाफ पहले भी पंचकूला के सेक्टर-5 थाने में धोखाधड़ी के दो मामले (2021) और पंजाब के खरड़ में एक मामला दर्ज है। इसके अलावा मुंबई में 1 और चंडीगढ़ में 2 चेक बाउंस के मामले लंबित हैं। हमारी टीम द्वारा मामले की जांच जारी है और इस मामले में शामिल अन्य सदस्यों और धोखाधड़ी से ली गई शेष राशि की बरामदगी की कोशिश कर रही है।