Follow

तीन दिनों में 1500 से अधिक ठिकानों पर रेड, 330 गिरफ्तार; तीसरे दिन पुलिस का सबसे बड़ा एक्शन

Listen to this article

 

चंडीगढ़/ 4 दिसंबर : हरियाणा पुलिस के 'ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन' के तीसरे दिन, 3 दिसंबर 2025 को राज्य भर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की आक्रमक कार्रवाई चरम पर रही। इस 72 घंटे के सघन अभियान में पुलिस ने अब तक कुल 1512 संवेदनशील स्थानों (हॉटस्पॉट्स) पर कॉम्बिंग की है । अकेले तीसरे दिन 647 स्थानों पर दबिश दी गई। पिछले तीन दिनों की समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप प्रदेश भर में कुल 188 नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए और 330 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस दौरान पुलिस ने अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ते हुए अब तक कुल 4.5 लाख रुपये (4,50,539 रुपये) से अधिक की नकदी जब्त की है । तीसरे दिन की कार्रवाई में 3 देसी कट्टे और 1 पिस्टल की बरामदगी के साथ ही, पूरे अभियान के दौरान अब तक कुल 4 पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं, जिससे कई संभावित वारदातों को टालने में सफलता मिली है ।

 

Advertisement

500 ग्राम हेरोइन, 2.7 किलो अफीम और भारी मात्रा में नशा जब्त, नेटवर्क ध्वस्त  

पिछले तीन दिनों से जारी इस विशेष अभियान के समेकित आंकड़े यह स्पष्ट करते हैं कि पुलिस का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अगर 1 से 3 दिसंबर तक की कुल बरामदगी की बात करें तो पुलिस ने नशा तस्करों पर 'वज्रपात' करते हुए 505.4 ग्राम हेरोइन, 2.7 किलोग्राम अफीम, 15.5 किलोग्राम चूरा पोस्त और 774 ग्राम चरस बरामद की है । इसके अलावा शराब तस्करों पर नकेल कसते हुए 2400 से अधिक बोतलें (देसी और अंग्रेजी) और 1240 लीटर लाहन जब्त किया गया है । यह साबित करता है कि 'ऑपरेशन हॉटस्पॉट' का प्रभाव अब धरातल पर दिखाई देने लगा है और नशा नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के लिए जीआरपी और जिला पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है।

 

कॉम्बिग में GRP सबसे आगे, भिवानी और सिरसा में ताबड़तोड़ कार्रवाई 

जिलावार विश्लेषण करें तो पूरे अभियान के दौरान रेलवे पुलिस (GRP) ने सर्वाधिक 111 स्थानों पर कॉम्बिंग कर रिकॉर्ड बनाया है, जबकि सिरसा में 108 और जींद में 105 हॉटस्पॉट्स को खंगाला गया । गिरफ्तारियों के मामले में भिवानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 60 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जो किसी भी जिले में सर्वाधिक है । वहीं नूंह पुलिस ने गौ-तस्करी और साइबर अपराध पर चोट करते हुए अभियान के दौरान 7 सिम कार्ड, 9 मोबाइल फोन और 70 किलो बीफ बरामद किया है । इस अभियान का उद्देश्य '360 डिग्री' दृष्टिकोण अपनाते हुए हिंसक अपराधियों के इकोसिस्टम को पंगु बनाना है।

 

अवैध सम्पति और अतिक्रमण पर 'कानूनी कार्रवाई 

पुलिस ने अपराधियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर प्रहार करते हुए पिछले तीन दिनों में कुल 6 संपत्तियों को अटैच (कुर्क) किया है और 4 अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया है । यह कड़ा संदेश देता है कि अपराध से कमाई गई दौलत अब सुरक्षित नहीं है। इसके अतिरिक्त, अपराधी कानून की गिरफ्त से भाग न सकें, इसके लिए कुल 6 लुक-आउट सर्कुलर जारी किए गए और 11 हिंसक अपराधियों के पासपोर्ट रद्द करने के प्रस्ताव भेजे गए हैं । अन्तर्राज्यीय अपराधियों पर नकेल कसने के लिए अन्य राज्यों के साथ 98 इंटेलीजेंस रिपोर्ट साझा की गई हैं ।

 

तीन दिन में 68 फरार अपराधी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के 21 मामले दर्ज  

'ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन' के तहत पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर दबिश देते हुए 72 घंटों में कुल 68 फरार हिंसक अपराधियों (Fugitives) को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है । तीसरे दिन की 27 गिरफ्तारियों ने इस आंकड़े को और मजबूत किया है। इसके साथ ही, अवैध हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कुल 21 मामले दर्ज किए और इन मामलों में संलिप्त 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

मानवीय चेहरा : 566 जरूरतमंदों का सहारा बनी खाकी

जहां एक ओर पुलिस अपराधियों के लिए काल बनी, वहीं दूसरी ओर अपने मानवीय दायित्वों को निभाते हुए पुलिस कर्मियों ने पिछले तीन दिनों में 566 जरूरतमंद और विपत्तिग्रस्त नागरिकों को सहायता भी प्रदान की । नशा तस्करों के खिलाफ की गई कार्रवाई और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों की धरपकड़ से महिलाओं और बच्चों के लिए वातावरण सुरक्षित हुआ है, जिससे यह स्पष्ट है कि 'ऑपरेशन हॉटस्पॉट' जनसेवा का भी एक सशक्त माध्यम बन गया है।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh