मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव, संगठन मंत्री और प्रदेश महामंत्रियों की मौजूदगी में
आगामी योजनाओं और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा की गई तैयार
सीएम आवास पर मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने ली लगातार तीन बैठकें
भाजपा पदाधिकारियों और प्रत्याशी रहे नेताओं को दिया 2029 में ऐतिहासिक जीत का टास्क
PM मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा, कार्यकर्ता चलाएंगे जनसेवा के विशेष अभियान : बड़ौली
चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी की सीएम आवास पर तीन महत्वपूर्ण बैठकें हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करने के साथ-साथ अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा भी की। पहली बैठक प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारियों के साथ की और दूसरी बैठक विधानसभा 2024 के चुनाव लड़ चुके उन 42 प्रत्याशियों के साथ हुई जो चुनाव हार गए थे। बैठक में इन नेताओं के साथ मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री ने विधानसभा में पार्टी को और मजबूत किए जाने पर जोर दिया। इन बैठकों में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने बेहतर काम के लिए पदाधिकारियों की पीठ भी थपथपाई।
2029 के विधानसभा चुनाव तक वोट प्रतिशत बढ़ाना है
राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश महामंत्री एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया की उपस्थिति में आगामी जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा भी तैयार की गई। विधानसभा चुनाव 2024 में चुनाव लड़ चुके 42 प्रत्याशियों को होमवर्क में दिया गया। विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा को 39.94 फीसदी वोट मिले थे। भाजपा का लक्ष्य 2029 के विधानसभा चुनाव तक इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत से अधिक करना है।
एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना सार्थक करने में जुटे
बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने व आगामी रणनीति को लेकर उपस्थित सभी पदाधिकारियों में नई दिशा एवं ऊर्जा का संचार किया। बेहतर फीडबैक से विश्वास से भरे मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2029 में भी और बड़ी ऐतिहासिक जीत होगी। टीम हरियाणा एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को सार्थक करने में जुटी है।
सरकार की योजनाओं से देश और प्रदेश की जनता खुश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग को सरकारी योजनाओं से जोड़ा है। हमने न केवल हर फसल पर एमएसपी दी, बल्कि हम एमएसपी बढ़ाकर भी दे रहे हैं। भ्रष्टाचार पर हमारी सरकार ने अंकुश लगाया है। स्वयं सहायता समूहों को भी बढ़ावा दिया है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं और सरकार की उपलब्धियां भी गिनाए। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा सरकार की योजनाओं से देश और प्रदेश की जनता खुश है।
आगामी योजनाओं और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज की बैठक में आगामी योजनाओं और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई है। सरकार और संगठन से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा हुई है। बड़ौली ने कहा कि 42 विधानसभाओं में 12 मंत्रियों और 30 विधायकों को प्रभारी नियुक्त किया गया है। चुनाव लड़ चुके 42 प्रत्याशी बेहतर तालमेल के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे। भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ाने पर फोकस करने को कहा गया।
PM मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाएगी। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान के तहत धार्मिक एवं शहीदों के स्थलों पर साफ-सफाई करेंगे। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है जो पूरे प्रदेश में मनाई जाएगी। वोकल फॉर लोकल और संगठन की मजबूती को लेकर भी अभियान चलेंगे। दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर खादी अभियान चलाया जाएगा।
एक साथ चुनाव से शासन व्यवस्था स्थिर और योजनाबद्ध
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज एक राष्ट्र, एक चुनाव अभियान को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा हुई है। इस अभियान को जनसंपर्क के माध्यम से गांव-गांव, शहर-शहर तक ले जाया जाएगा, ताकि आम जनता को देशहित में इसकी अनिवार्यता से अवगत कराया जा सके। बड़ौली ने कहा कि बार-बार चुनाव से केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं, बल्कि विकास कार्यों में बाधा आती है। यदि देश में एक साथ चुनाव होंगे शासन व्यवस्था अधिक स्थिर और योजनाबद्ध हो सकेगी।